नई दिल्ली, 26 नवंबर 2026| बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार और उनकी पत्नी ट्विंकल खन्ना एक बार फिर अपने मजेदार अंदाज को लेकर चर्चा में हैं। दरअसल, करण जौहर के लोकप्रिय चैट शो ‘कॉफी विद करण 9’ के हालिया एपिसोड में अक्षय कुमार भोजपुरी अभिनेता रवि किशन के साथ नजर आए। शो के दौरान एक मजेदार सेगमेंट में अक्षय ने अपनी पत्नी ट्विंकल खन्ना को फोन किया और स्पीकर पर बातचीत शुरू कर दी।
फोन उठाते ही ट्विंकल ने अक्षय की शिकायतों का सिलसिला शुरू कर दिया। उन्होंने कहा कि अक्षय सुबह 6 बजे भजन बजाकर उनकी नींद खराब कर देते हैं। इतना ही नहीं, उन्होंने अक्षय के गाने की तुलना भजन गायक अनूप जलोटा से करते हुए बाथरूम का दरवाजा बंद रखने की नसीहत भी दी।
बातचीत के दौरान ट्विंकल को पता चला कि अक्षय बिना फीस लिए शो में शामिल हुए हैं। इस पर उन्होंने हैरानी जताते हुए कहा, “तुम यह शो फ्री में कर रहे हो? मैं हैरान हूं।” करण जौहर ने भी मजाकिया अंदाज में जवाब दिया और बातचीत को और मनोरंजक बना दिया।
इस एपिसोड में रवि किशन ने अक्षय को अपना वायरल हुक स्टेप भी सिखाया।