चंडीगढ़, पंजाब,10 नवंबर 2026| पंजाब में संगठित अपराध और गैंगस्टर नेटवर्क के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने दावा किया है कि राज्य पुलिस ने पिछले छह महीनों में विदेशों से 17 गैंगस्टरों को भारत वापस लाने में सफलता हासिल की है। यह कार्रवाई राज्य सरकार के विशेष अभियान ‘गैंगस्टरां ते वार’ के तहत की गई है।
मंत्री के मुताबिक, विदेशों से वापस लाए गए आरोपियों में हांगकांग से रमनजीत सिंह रोमी, मालदीव से अमृत सिंह, जर्मनी से प्रभप्रीत सिंह, संयुक्त अरब अमीरात से परमिंदर सिंह पिंडी और कनाडा से करमबीर सिंह देओल शामिल हैं। इसके अलावा इंडोनेशिया और मलेशिया से भी कई वांछित आरोपियों को वापस लाया गया है।
पुलिस की कार्रवाई में हाल ही में इथियोपिया से गुरविंदर सिंह उर्फ अफरीदी को भी भारत लाया गया। उस पर 30 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज होने की बात कही गई है और उसकी गिरफ्तारी पर पांच लाख रुपये का इनाम था।
हरपाल सिंह चीमा के अनुसार, 20 जनवरी से 7 नवंबर 2026 के बीच पुलिस ने 1,61,266 छापेमारी की और लगभग 2,162 घोषित अपराधियों को गिरफ्तार किया।
सरकार का कहना है कि विदेशों में छिपे अपराधियों को वापस लाकर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अब इन मामलों में अदालत में मजबूत सबूत पेश करना पुलिस के सामने अहम चुनौती होगी।