CBI के पूर्व प्रमुख की पार्टी लड़ेगी यूपी विधानसभा चुनाव 2027, सभी 403 सीटों पर उम्मीदवार उतारने की तैयारी

एम. नागेश्वर राव की सर्वजन सनातन पार्टी ने उत्तर प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों के लिए संभावित उम्मीदवारों से आवेदन मांगे। चयन प्रक्रिया का पहला चरण शुरू।

0

वाराणसी, उत्तर प्रदेश, 10 नवंबर 2026| उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले प्रदेश की राजनीति में एक नई पार्टी की एंट्री चर्चा में है। केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) के पूर्व प्रमुख एम. नागेश्वर राव की सर्वजन सनातन पार्टी ने आगामी विधानसभा चुनाव लड़ने का ऐलान किया है।

पार्टी ने उत्तर प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर संभावित उम्मीदवार उतारने की तैयारी शुरू कर दी है। इसके लिए इच्छुक और योग्य उम्मीदवारों से ऑनलाइन आवेदन मांगे गए हैं। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एम. नागेश्वर राव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इसकी जानकारी साझा की।

आवेदन करने वाले उम्मीदवारों के लिए भारतीय नागरिक होना, उत्तर प्रदेश की किसी विधानसभा क्षेत्र की मतदाता सूची में नाम दर्ज होना और नामांकन पत्रों की जांच की तारीख तक कम से कम 25 वर्ष की आयु होना जरूरी है।

पार्टी के मुताबिक, फिलहाल उम्मीदवारों की प्रारंभिक छंटनी की जाएगी। इसके बाद योग्य आवेदकों से विस्तृत जानकारी और जरूरी दस्तावेज मांगे जाएंगे। हालांकि, आवेदन करने मात्र से किसी को पार्टी का टिकट मिलने की गारंटी नहीं होगी।

एम. नागेश्वर राव अक्टूबर 2026 में वाराणसी में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बने थे। अब उनकी पार्टी के चुनावी मैदान में उतरने से 2027 के यूपी विधानसभा चुनाव में मुकाबला और दिलचस्प होने की संभावना है। हालांकि, पार्टी के उम्मीदवारों की अंतिम सूची अभी घोषित नहीं हुई है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.