दरभंगा, 07 नवंबर 2026 | बिहार के दरभंगा के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। यहां पायलट ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट स्थापित करने के प्रस्ताव को रक्षा मंत्रालय से मंजूरी मिल गई है। इस फैसले से क्षेत्र में विमानन प्रशिक्षण और रोजगार के नए अवसर पैदा होने की उम्मीद है। वहीं, इस मंजूरी के बाद स्थानीय BJP सांसद ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताया है।
दरभंगा के सांसद गोपाल जी ठाकुर को पत्र के जरिए मिली जानकारी
बिहार सरकार के नागरिक उड्डयन विभाग ने दरभंगा के सांसद गोपाल जी ठाकुर ( BJP MP Gopal Jee Thakur ) को एक पत्र के जरिए इसकी जानकारी दी। बीजेपी सांसद को लिखे पत्र में बताया कि राज्य सरकार के अनुरोध पर रक्षा मंत्रालय ने जरूरी एनओसी जारी कर दी है। विभाग ने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुसार, दरभंगा एयरपोर्ट पर पायलट ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट स्थापित करने के लिए आगे की कार्रवाई की जा रही है। बता दें, इसी साल 18 अप्रैल को हुई एक समीक्षा बैठक में सीएम सम्राट चौधरी ने विभाग को निर्देश दिए थे कि दरभंगा एयरपोर्ट पर एफटीओ स्थापित करने के लिए कदम उठाए जाएं। बिहार सरकार ने नागरिक उड्डयन विभाग से इसकी मांग की। नागरिक उड्डयन विभाग ने 14 मई को केंद्रीय रक्षा मंत्रालय से संपर्क किया और इसके लिए जरूरी सहमति और एनओसी मांगी थी।
दरभंगा में पायलट ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट को मंजूरी
दरभंगा में पायलट ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट की स्थापना को लेकर लंबे समय से चर्चा चल रही थी। अब रक्षा मंत्रालय की मंजूरी मिलने के बाद इस परियोजना को आगे बढ़ाने का रास्ता साफ हुआ है। संस्थान के शुरू होने से बिहार और आसपास के राज्यों के युवाओं को पायलट प्रशिक्षण के अवसर मिल सकते हैं।
युवाओं के लिए खुलेंगे नए अवसर
पायलट ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट बनने से विमानन क्षेत्र में करियर बनाने की इच्छा रखने वाले युवाओं को लाभ मिलने की उम्मीद है। इससे दरभंगा की पहचान विमानन और प्रशिक्षण के क्षेत्र में भी मजबूत हो सकती है। इसके साथ ही स्थानीय स्तर पर रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिल सकता है।
रक्षा मंत्रालय से मंजूरी मिलने के बाद BJP सांसद ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने इस फैसले को दरभंगा और बिहार के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
अब परियोजना के निर्माण, बजट, संचालन और प्रशिक्षण कार्यक्रमों से जुड़ी आगे की जानकारी का इंतजार है।