दिल्ली, 31 अक्टूबर 2026| दिल्ली मेट्रो में रोजाना सफर करने वाले यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) ने पिंक लाइन पर रियल टाइम कोच ऑक्यूपेंसी डिस्प्ले की सुविधा शुरू कर दी है। इस तकनीक की मदद से यात्री ट्रेन आने से पहले ही पता लगा सकेंगे कि किस कोच में कितनी भीड़ है।
इस सुविधा के तहत स्टेशनों के प्लेटफॉर्म पर लगी पैसेंजर इन्फॉर्मेशन डिस्प्ले सिस्टम (PIDS) स्क्रीन पर ट्रेन के सभी छह कोचों की स्थिति दिखाई जाएगी। कोचों को C1 से C6 तक दर्शाया जाएगा।
यह सिस्टम प्रत्येक कोच में लगे लोड सेंसर की मदद से काम करता है। सेंसर कोच के मौजूदा वजन की तुलना उसके खाली वजन से करते हैं। इसके आधार पर यात्रियों की मौजूदगी का अनुमानित प्रतिशत स्क्रीन पर दिखाया जाता है। यह यात्रियों की सटीक गिनती नहीं है।
इससे पहले वर्ष 2022 से मैजेंटा लाइन पर यह सुविधा उपलब्ध थी। अब इसे पिंक लाइन पर भी शुरू किया गया है, जो मजलिस पार्क से शिव विहार और मौजपुर-बाबरपुर कॉरिडोर तक संचालित होती है।
इस पहल से खासकर सुबह और शाम के व्यस्त समय में यात्रियों को कम भीड़ वाला कोच चुनने में मदद मिलेगी।