जालंधर, 30 अक्टूबर 2026 | पंजाब के जालंधर में बम धमाके की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया है। जालंधर कैंट स्थित आर्मी पब्लिक स्कूल को ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। धमकी भरे ईमेल में स्कूल परिसर में IED (इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस) से धमाका करने की बात कही गई है। ईमेल सामने आने के बाद स्कूल प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
आर्मी पब्लिक स्कूल जालंधर कैंट को बम से उड़ाने की धमकी की ईमेल की गई है। यह ईमेल स्कूल की आधिकारिक ईमेल आईडी पर सुबह 8. 55 पर भेजी गई। इसमें पंजाब और खालिस्तान से जुड़े नारे लिखे गए हैं। साथ ही स्कूल में IED के जरिए धमाके करने की धमकी दी गई है।
धमकी भरे ईमेल में 4 नवंबर को संगरूर में होने वाली कांग्रेस नेता राहुल गांधी की रैली का भी जिक्र किया गया है। ईमेल मिलने के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गई हैं। पुलिस विभाग की साइबर टीमें ईमेल भेजने वाले की पहचान करने और उसका आपी एड्रेस ट्रैक करने में जुट गई हैं। मामले की जांच की जा रही है।
1 से 4 नवंबर तक ट्रेनों में सफर न करने की धमकी
स्कूल को भेजी गई इस धमकी भरे ईमेल में एक से चार नंबर तक ट्रेनों में ना सफर करने की भी धमकी दी गई है जिसमें खासकर अमृतसर, लुधियाना, फिरोजपुर, बठिंडा की ट्रेनों के साथ-साथ रेल ट्रैक को भी निशाना बनाने का भी जिक्र किया है।
सुबह 8:55 बजे स्कूल को मिला धमकी भरा ईमेल
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, शुक्रवार सुबह करीब 8:55 बजे आर्मी पब्लिक स्कूल की आधिकारिक ईमेल आईडी पर धमकी भरा संदेश भेजा गया। इसमें स्कूल को निशाना बनाने और बम धमाके की चेतावनी दी गई थी। ईमेल में पंजाब और खालिस्तान से जुड़े नारे भी लिखे होने की जानकारी सामने आई है।
इस मामले में केवल आर्मी पब्लिक स्कूल ही नहीं, बल्कि जालंधर के APJ स्कूल को भी धमकी भरा ईमेल मिलने की खबर है। दोनों स्कूलों को मिले संदेशों के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गई हैं। स्कूल प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों को इसकी सूचना दी है।
रेलवे ट्रैक और ट्रेनों को भी निशाना बनाने की धमकी
धमकी भरे ईमेल में पंजाब के कई शहरों के रेलवे ट्रैक और ट्रेनों का भी जिक्र किया गया है। संदेश में 1 से 4 नवंबर के बीच अमृतसर, लुधियाना, फिरोजपुर और बठिंडा से जुड़ी रेल सेवाओं को निशाना बनाने की चेतावनी दी गई है।
इसके अलावा 4 नवंबर को संगरूर में कांग्रेस नेता राहुल गांधी की प्रस्तावित रैली का भी ईमेल में उल्लेख किया गया है। इससे सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ गई है।
साइबर टीम ईमेल भेजने वाले की तलाश में जुटी
धमकी मिलने के बाद पुलिस की साइबर टीमें ईमेल भेजने वाले की पहचान करने में जुट गई हैं। इसके लिए ईमेल के तकनीकी विवरण और IP एड्रेस की जांच की जा रही है। सुरक्षा एजेंसियां धमकी की विश्वसनीयता और इसके पीछे की मंशा का पता लगाने में लगी हैं।
स्कूलों और रेलवे की सुरक्षा बढ़ाने पर जोर
मामले की गंभीरता को देखते हुए संबंधित सुरक्षा एजेंसियों को सतर्क किया गया है। स्कूल परिसरों और रेलवे से जुड़े संभावित सुरक्षा खतरों की जांच की जा रही है। फिलहाल धमकी की पुष्टि और ईमेल भेजने वाले की पहचान जांच का प्रमुख हिस्सा है।
जालंधर में मिली इस धमकी ने अभिभावकों और स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ा दी है। अब सभी की नजर पुलिस जांच और सुरक्षा एजेंसियों की कार्रवाई पर है।