iPhone चोरी के बाद चोर ने ही पीड़िता को किया मैसेज, बोला- फोन का पासवर्ड दे दो

0

देहरादून , 08 अक्टूबर 2026 ।  देहरादून के क्लेमेंट टाउन इलाके से चोरी का एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने लोगों को हैरान कर दिया है। आरोप है कि एक संदिग्ध ने युवती का iPhone चोरी करने के बाद उसी से संपर्क किया और चोरी किए गए फोन का पासवर्ड मांगने लगा। आमतौर पर चोर चोरी के बाद पहचान छिपाने की कोशिश करते हैं, लेकिन इस मामले में कथित चोर ने खुद पीड़ित परिवार तक पहुंचकर फोन अनलॉक कराने की कोशिश की।

कौशिकी ध्यानी ने बताया कि 12 सितंबर को उनका मोबाइल फोन चोरी हुआ था। उनके भाई और उसके दोस्तों के भी फोन चोरी हुए। उनका दावा है कि इसी दौरान कई लोगों के मोबाइल फोन और लाखों रुपये का सामान भी चोरी किया गया। कौशिकी का आरोप है कि चोरी की इन घटनाओं को लेकर पुलिस ने गंभीरता नहीं दिखाई, जबकि पुलिस को सीसीटीवी तक उपलब्ध कराए गए हैं। आरोप लगाया कि न एफआईआर दर्ज की गई और न ही शिकायतों पर कोई कार्रवाई हुई।

मामले में सबसे चौंकाने वाला मोड़ तब आया, जब चोरी किए गए iPhone से जुड़े नंबर पर कथित चोर ने पीड़िता की बहन से संपर्क किया। आरोप है कि उसने SMS और WhatsApp के जरिए फोन का पासवर्ड मांगना शुरू कर दिया।

मैसेज में कथित तौर पर कहा गया- “ये जो तुम्हारा फोन मैंने चुराया है, उसका पासवर्ड दे दो।”

पीड़िता की बहन ने कथित चोर से फोन वापस करने की अपील भी की, लेकिन उसने पासवर्ड की मांग जारी रखी। बातचीत और मैसेज के स्क्रीनशॉट भी सामने आने की बात कही गई है।

CCTV और मैसेज पुलिस को दिए गए

पीड़ित परिवार का कहना है कि मामले से जुड़े CCTV फुटेज, संदिग्ध की तस्वीर और मैसेज के स्क्रीनशॉट पुलिस को उपलब्ध कराए गए हैं। इसके बावजूद फोन अभी तक बरामद नहीं हुआ है।

पुलिस की ओर से बताया गया है कि चोरी हुए फोन को ब्लॉक कराने की कार्रवाई की गई है और सर्विलांस टीम भी मामले में काम कर रही है। फोन की बरामदगी और आरोपी की पहचान के लिए जांच जारी है।

इलाके में पहले भी चोरी की शिकायतों का दावा

पीड़ित परिवार ने क्लेमेंट टाउन इलाके में पहले भी चोरी की घटनाएं होने का दावा किया है। आरोप है कि मोबाइल फोन, लैपटॉप और अन्य कीमती सामान चोरी किए जाने की कई शिकायतें सामने आई हैं।

ऐसे में iPhone चोरी के बाद कथित चोर द्वारा खुद पीड़ित से पासवर्ड मांगने की घटना ने पुलिस की कार्रवाई और इलाके की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं।

चोरी के बाद डेटा सुरक्षा भी बड़ी चिंता

इस घटना ने मोबाइल चोरी के बाद निजी डेटा की सुरक्षा का मुद्दा भी सामने ला दिया है। iPhone में फोटो, बैंकिंग जानकारी, सोशल मीडिया अकाउंट और निजी दस्तावेज जैसी संवेदनशील जानकारी हो सकती है। ऐसे में चोरी के बाद किसी अनजान व्यक्ति के कहने पर फोन का पासवर्ड साझा करना बेहद जोखिम भरा हो सकता है।

विशेषज्ञों की सलाह है कि फोन चोरी होने पर तुरंत डिवाइस को लॉक या ट्रैक करने की कोशिश करें, संबंधित अकाउंट की सुरक्षा मजबूत करें और पुलिस को शिकायत दें। किसी संदिग्ध व्यक्ति के साथ पासवर्ड या OTP साझा नहीं करना चाहिए।

Leave A Reply

Your email address will not be published.