नई दिल्ली, 23 नवंबर 2026। जेके ऑर्गनाइजेशन की कंपनी जेके अर्बनस्केप्स डेवलपर्स लिमिटेड अपनी पुरानी जमीन का व्यावसायिक इस्तेमाल करते हुए रियल एस्टेट परियोजनाएं विकसित करेगी। इनसे करीब 4,400 करोड़ रुपये का राजस्व मिलने का अनुमान है। इसके अलावा, कंपनी 965 करोड़ रुपये की लागत से छह होटल भी बनाएगी।
जेके अर्बनस्केप्स, 1920 के दशक में उत्तर प्रदेश के कानपुर में स्थापित कपड़ा कंपनी जेके कॉटन लिमिटेड का नया नाम है। यह जेके ऑर्गनाइजेशन का हिस्सा है।
जेके अर्बनस्केप्स के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक (सीएमडी) अभिषेक सिंघानिया ने कहा कि रियल एस्टेट और आतिथ्य क्षेत्र की परियोजनाओं के विकास पर ध्यान केंद्रित करने के लिए 2022 में जेके कॉटन का नाम बदलकर जेके अर्बनस्केप्स किया गया था।
उन्होंने कहा कि कंपनी के पास कानपुर सहित कई शहरों में जमीन है।
सिंघानिया ने यहां संवाददाताओं से कहा, ”हम कानपुर को एक नया स्वरूप देना चाहते हैं।”
जेके अर्बनस्केप्स डेवलपर्स के संयुक्त प्रबंध निदेशक मनीष मंसिंगका ने कहा कि कंपनी कानपुर, बोधगया, मसूरी, दार्जिलिंग और देहरादून में कुल 650 कमरों वाले छह होटल बनाएगी।
उन्होंने कहा कि इन होटल के लिए कंपनी के पास पहले से जमीन है और इनके निर्माण पर कुल 965 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
कंपनी ने अपनी कुछ आगामी होटल परियोजनाओं के संचालन के लिए इंडियन होटल्स कंपनी लिमिटेड और माइनर होटल्स के साथ समझौता किया है।
मंसिंगका ने कहा कि कंपनी की रियल एस्टेट परियोजनाओं से करीब 4,400 करोड़ रुपये का राजस्व मिलने का अनुमान है।
साभार: वेब वार्ता