उत्तराखंड में SIR के बाद नई वोटर लिस्ट जारी, 1,04,708 नाम हटे; छूटे लोगों को फिर मिलेगा मौका

0

देहरादून, 03 अक्टूबर 2026 । उत्तराखंड में विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अंतिम मतदाता सूची जारी कर दी गई है। नई सूची में कुल 71,58,949 मतदाताओं को शामिल किया गया है। वहीं, पुनरीक्षण के दौरान 1,04,708 मतदाताओं के नाम नियमानुसार सूची से हटाए गए हैं।

चुनाव आयोग के स्तर पर यह प्रक्रिया मतदाता सूची को अपडेट करने और पात्र मतदाताओं के नाम सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पूरी की गई है।

भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर उत्तराखण्ड में 1 जुलाई 2026 की अर्हता तिथि के आधार पर मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान ( SIR ) शुरू हुआ। 8 जून 2026 से SIR अभियान की शुरुआत हुई जिसके बाद 14 जुलाई 2026 को प्रदेश में ड्राफ्ट मतदाता सूची का प्रकाशन किया गया। दावे आपत्तियों के निस्तारण के बाद मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन कर दिया गया है।

उत्तराखंड में SIR अभियान की शुरुआत 8 जून 2026 को हुई थी। यह अभियान 1 जुलाई 2026 की अर्हता तिथि के आधार पर चलाया गया। गणना फॉर्म के वितरण और सत्यापन के बाद 14 जुलाई को ड्राफ्ट मतदाता सूची प्रकाशित की गई थी।

ड्राफ्ट सूची में करीब 71.33 लाख मतदाता शामिल थे। इसके बाद मतदाताओं को अपने नाम, पते और अन्य विवरण को लेकर दावे और आपत्तियां दर्ज कराने का अवसर दिया गया।

दावे और आपत्तियों के बाद बदली अंतिम सूची

SIR के दौरान जारी ड्राफ्ट सूची पर 14 जुलाई से 13 अगस्त 2026 तक दावे और आपत्तियां दर्ज कराने का समय दिया गया था। इसके बाद 13 अगस्त से 28 सितंबर तक इन दावों और आपत्तियों का निस्तारण किया गया।

इस प्रक्रिया के बाद अंतिम सूची तैयार हुई, जिसमें 1,29,872 नए मतदाताओं के नाम जोड़े गए, जबकि 1,04,708 नाम हटाए गए।

नाम छूट गया है तो ऐसे मिलेगा मौका

अगर किसी पात्र व्यक्ति का नाम अंतिम मतदाता सूची में शामिल नहीं हो पाया है, तो उसके पास अब भी नाम जुड़वाने का रास्ता है। ऐसे व्यक्ति Form 6 के जरिए मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए आवेदन कर सकते हैं।

आवेदन ऑनलाइन माध्यम से ECI Net ऐप के जरिए किया जा सकता है। इसके अलावा संबंधित BLO यानी बूथ लेवल अधिकारी के माध्यम से ऑफलाइन आवेदन भी किया जा सकेगा। विशेष कैंप लगाने और BLO को घर-घर जाकर जानकारी जुटाने के निर्देश भी दिए गए हैं।

BLO करेंगे छूटे मतदाताओं की पहचान

SIR के बाद चुनाव आयोग ने छूटे हुए पात्र मतदाताओं को दोबारा सूची में शामिल करने के लिए विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया है। इसके तहत BLO को पुरानी और नई मतदाता सूचियों की तुलना करने तथा जरूरत पड़ने पर संबंधित मतदाताओं के घर जाकर सत्यापन करने को कहा गया है।

इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि SIR की प्रक्रिया के दौरान किसी पात्र मतदाता का नाम छूट गया हो तो उसे दोबारा मतदाता सूची में शामिल होने का अवसर मिले।

उत्तराखंड में 12,543 मतदान केंद्र

अंतिम मतदाता सूची के साथ उत्तराखंड में कुल 12,543 मतदेय स्थल हैं। नई सूची में 18-19 वर्ष आयु वर्ग के 72,656 मतदाता और 80 वर्ष से अधिक आयु के 1,22,892 मतदाता भी शामिल हैं।

SIR के बाद मतदाताओं के लिए यह जरूरी है कि वे अंतिम सूची में अपना नाम और अन्य विवरण जरूर जांच लें। अगर नाम मौजूद नहीं है या किसी जानकारी में गलती है, तो निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदन करके सुधार या नाम शामिल कराने की कार्रवाई की जा सकती है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.