हरियाणा के युवाओं ने CM धामी से की मुलाकात

होम-स्टे और पर्यटन विकास की सराहना; बोले- उत्तराखंड में दिख रहा बदलाव

0

देहरादून, 03 अक्टूबर 2026 । हरियाणा से उत्तराखंड के तीन दिवसीय भ्रमण पर आए युवाओं ने शनिवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुख्यमंत्री आवास में मुलाकात की। इस दौरान युवाओं ने उत्तराखंड के अलग-अलग क्षेत्रों में देखे विकास कार्यों और सरकारी योजनाओं से जुड़े अपने अनुभव मुख्यमंत्री के साथ साझा किए।

युवाओं ने बताया कि भ्रमण के दौरान उन्हें उत्तराखंड की भौगोलिक परिस्थितियों, स्थानीय संस्कृति और विकास की योजनाओं को करीब से समझने का अवसर मिला।

हरियाणा के युवाओं ने कहा कि तीन दिनों के भ्रमण के दौरान उन्हें उत्तराखण्ड के विभिन्न क्षेत्रों को करीब से जानने और राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं से स्थानीय लोगों के जीवन में आ रहे बदलावों को समझने का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि अधिकांश भू-भाग पर्वतीय होने के बावजूद उत्तराखण्ड में सड़क एवं डिजिटल कनेक्टिविटी के विस्तार की दिशा में उल्लेखनीय कार्य हुआ है। रेलवे नेटवर्क के विस्तार की दिशा में भी तेजी से कार्य हो रहा है।

होम-स्टे से स्वरोजगार के अवसर

युवाओं ने उत्तराखंड में होम-स्टे को बढ़ावा देने के लिए किए जा रहे प्रयासों की भी जानकारी ली। उन्होंने कहा कि सरकार की सहायता से स्थानीय लोगों, खासकर युवाओं और महिलाओं के लिए स्वरोजगार के नए अवसर बन रहे हैं।

उत्तराखंड सरकार के अनुसार, दीनदयाल उपाध्याय होम-स्टे विकास योजना के तहत पिछले चार वर्षों में 537 लाभार्थियों को 79.28 करोड़ रुपये से अधिक की सब्सिडी दी गई है। सरकार इसे ग्रामीण पर्यटन और स्थानीय रोजगार से जोड़ने की दिशा में एक प्रमुख पहल के रूप में देख रही है।

सौर ऊर्जा और सीमांत क्षेत्रों का भी जिक्र

भ्रमण के दौरान युवाओं ने सौर ऊर्जा से जुड़ी योजनाओं और सीमांत क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं के विकास को भी देखा। उन्होंने सोलर रूफटॉप योजना को उत्तराखंड की परिस्थितियों के अनुरूप उपयोगी पहल बताया।

युवाओं ने उत्तराखंड के स्वच्छ वातावरण और बेहतर वायु गुणवत्ता की भी सराहना की। इसके साथ ही उन्होंने सीमांत क्षेत्रों में सड़क और अन्य आधारभूत सुविधाओं के विकास के प्रयासों का उल्लेख किया।

CM धामी ने युवाओं को बताया ‘डिजिटल ब्रांड एंबेसडर’

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने युवाओं का स्वागत करते हुए कहा कि अंतरराज्यीय युवा भ्रमण से अलग-अलग राज्यों की संस्कृति, विकास कार्यों और नवाचारों को समझने का अवसर मिलता है। उन्होंने युवाओं से अपने तीन दिवसीय दौरे के अनुभवों को दोस्तों और सोशल मीडिया के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने की अपील की।

सीएम धामी ने युवाओं को उत्तराखंड का ‘डिजिटल ब्रांड एंबेसडर’ बताते हुए कहा कि वे राज्य की संस्कृति, पर्यटन, तीर्थाटन, स्थानीय उत्पादों, होम-स्टे, मिलेट्स, हस्तशिल्प और महिला स्वयं सहायता समूहों के कार्यों की जानकारी देश के अन्य हिस्सों तक पहुंचाने में भूमिका निभा सकते हैं।

राज्यों के युवाओं के बीच बढ़ेगा संवाद

मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम केवल पर्यटन भ्रमण तक सीमित नहीं रहने चाहिए। इनके जरिए विभिन्न राज्यों के युवाओं के बीच संवाद और अनुभवों का आदान-प्रदान बढ़ाया जा सकता है। इससे युवा अलग-अलग राज्यों में अपनाई जा रही विकास योजनाओं और बेहतर कार्यप्रणालियों को समझ सकेंगे।

उत्तराखंड सरकार ने इससे पहले उत्तराखंड के युवाओं को भी हरियाणा भेजने की पहल की थी, ताकि वे वहां की संस्कृति, कृषि, खेल, स्थानीय जीवनशैली और विकास कार्यों को करीब से समझ सकें।

Leave A Reply

Your email address will not be published.