सौरभ हत्याकांड में दोषी करार होते ही मुस्कान-साहिल की आंखों से छलके आंसू,
गोद में नन्ही बेटी और सामने सजा का फैसला
मेरठ, 01 अक्टूबर 2026 । सौरभ हत्याकांड में अदालत के फैसले के बाद कोर्ट परिसर में भावुक कर देने वाला दृश्य सामने आया। मुस्कान और साहिल को दोषी करार दिए जाने के बाद दोनों रोने लगे। इस दौरान मुस्कान की गोद में उसकी नन्ही बेटी भी थी। अदालत के फैसले के बाद अब दोनों को मिलने वाली सजा पर सभी की नजरें टिकी हैं।
वरिष्ठ जेल अधीक्षक डॉ. वीरेश राज शर्मा ने बताया कि फैसले को लेकर दोनों सुबह से ही बेचैन दिखाई दे रहे थे। जेल प्रशासन की निगरानी में दोनों को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग रूम तक लाया गया। सुनवाई के दौरान मुस्कान की गोद में उसकी बेटी भी थी। कार्यवाही पूरी होने के बाद दोनों काफी भावुक और उदास नजर आए।
फैसला आया तो एक-दूसरे से भी बनाई दूरी
अदालत की कार्यवाही समाप्त होने के बाद मुस्कान और साहिल जब वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग रूम से बाहर निकले तो दोनों रो रहे थे। जेल प्रशासन के मुताबिक, इसके बाद भी दोनों ने एक-दूसरे से बातचीत नहीं की। दोनों एक-दूसरे से दूरी बनाए रहे और एक-दूसरे की तरफ देखा तक नहीं। इसके बाद दोनों को अलग-अलग उनके बैरक में भेज दिया गया।
सुबह से बेचैन थी मुस्कान, पूजा-पाठ में गुजरा दिन
वरिष्ठ जेल अधीक्षक ने बताया कि फैसले की तारीख होने के कारण मुस्कान और साहिल सुबह से ही परेशान नजर आ रहे थे। मुस्कान दिन भर पूजा-पाठ में लगी रही। दोनों ने दिन में भी सामान्य तरीके से खाना नहीं खाया और केवल मामूली मात्रा में भोजन किया। जेल प्रशासन के मुताबिक, अदालत से दोषी करार दिए जाने की जानकारी मिलने के बाद दोनों की बेचैनी और उदासी और बढ़ गई।
फैसले के बाद दोनों को वापस बैरक में भेज दिया गया। वरिष्ठ जेल अधीक्षक डॉ. वीरेश राज शर्मा ने बताया कि रात में दोनों ने खाना खाने से इनकार कर दिया। इसके बाद दोनों अपने-अपने बैरक में चले गए। जेल प्रशासन दोनों के व्यवहार और स्थिति पर नजर रख रहा है।