सहारनपुर जाने से रोके गए सपा विधायक अतुल प्रधान, मेरठ में पुलिस से तीखी नोकझोंक और धक्का-मुक्की
मेरठ , 07 सितंबर2026 । सहारनपुर जा रहे समाजवादी पार्टी के विधायक अतुल प्रधान सुबह जब अपने समर्थकों के साथ नोएडा के रास्ते आगे बढ़ने के लिए अपने आवास से गाड़ी लेकर निकले तो पहले से तैनात पुलिस अमले ने उन्हें मेरठ में चारों तरफ से घेर लिया। पुलिस की कार्रवाई के बाद मौके पर माहौल तनावपूर्ण हो गया और विधायक तथा पुलिसकर्मियों के बीच तीखी बहस देखने को मिली। इस दौरान धक्का-मुक्की भी हुई। अतुल प्रधान अपने समर्थकों के साथ सहारनपुर जाने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें आगे बढ़ने की अनुमति नहीं दी। विधायक ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए विरोध जताया, जिसके बाद मौके पर काफी देर तक हंगामा चलता रहा। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए विधायक और उनके समर्थकों को आगे जाने से रोक दिया। घटना के बाद राजनीतिक माहौल गरमा गया है और सपा कार्यकर्ताओं ने पुलिस की कार्रवाई को लेकर नाराजगी जताई है।