चंडीगढ़/भिवानी, 29 अगस्त 2026 । नेपाल में आई भीषण बाढ़ और भूस्खलन के बीच हरियाणा के भिवानी की रहने वाली डॉ. प्रियंका चौधरी के लापता होने की खबर से परिवार में चिंता का माहौल है। प्रियंका फिनलैंड में डॉक्टर हैं और करीब 70 डॉक्टरों की टीम के साथ नेपाल यात्रा पर गई थीं। परिजनों के मुताबिक, 25 अगस्त की रात करीब 10 बजे प्रियंका ने परिवार से वीडियो कॉल पर बात की थी और उस समय वह नेपाल-चीन सीमा के पास एक होटल में ठहरी हुई थीं। इसके करीब एक घंटे बाद उनका फोन संपर्क से बाहर हो गया।
परिवार में चिंता का माहौल
प्रियंका के लापता होने की सूचना के बाद से भिवानी स्थित उनके परिवार में चिंता का माहौल है। परिजन लगातार नेपाल प्रशासन, राहत एवं बचाव अधिकारियों और भारतीय दूतावास से संपर्क साधकर प्रियंका और उनके साथ गए अन्य लोगों की जानकारी जुटाने का प्रयास कर रहे हैं। परिवार को सबसे ज्यादा चिंता इस बात की है कि जिस संभावित स्थान पर प्रियंका और उनकी टीम ठहरी हुई थी, वहां कई होटल बाढ़ और मलबे की चपेट में आकर जमींदोज होने की जानकारी सामने आई है।
परिवार के अनुसार, प्रियंका को 26 अगस्त को भारत लौटना था और वह रक्षाबंधन पर अपने परिवार के साथ समय बिताने वाली थीं। लेकिन नेपाल में अचानक आई प्राकृतिक आपदा के बाद उनका कोई पता नहीं चल पाया। जिस इलाके में प्रियंका और उनकी टीम के ठहरने की जानकारी मिली थी, वहां बाढ़ और मलबे से भारी तबाही की खबरें सामने आई हैं। परिवार लगातार नेपाली अधिकारियों और संबंधित एजेंसियों से संपर्क कर उनकी सुरक्षित वापसी की उम्मीद लगाए हुए है।