रेडियो खराबी के चलते ट्रंप का हेलिकॉप्टर विमान के करीब पहुंचा, NTSB रिपोर्ट में बड़ा खुलासा

0

वाशिंगटन , 28 अगस्त 2026 । अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के हेलिकॉप्टर Marine One के एक यात्री विमान के बेहद करीब पहुंचने की घटना को लेकर नई जानकारी सामने आई है। अमेरिकी परिवहन सुरक्षा बोर्ड (NTSB) की प्रारंभिक रिपोर्ट के मुताबिक, हेलिकॉप्टर और एयर ट्रैफिक कंट्रोल के बीच रेडियो संचार में खराबी के कारण कंट्रोलर्स को Marine One के उड़ान भरने की निर्धारित चेतावनी नहीं मिल सकी।

यह घटना 4 अगस्त को हुई थी। ट्रम्प को लेकर मरीन वन व्हाइट हाउस के पास से उड़ान भर रहा था, तभी रीगन नेशनल एयरपोर्ट से एक यात्री विमान को भी टेकऑफ की मंजूरी मिल गई। हेलिकॉप्टर और विमान कुछ देर के लिए काफी करीब आ गए, लेकिन पायलटों की सतर्कता से टकराव टल गया।

जांच में यह भी सामने आया कि एयर ट्रैफिक कंट्रोलर्स को इस रेडियो खराबी की जानकारी एक हफ्ते पहले ही हो गई थी। इसके बावजूद घटना वाले दिन राष्ट्रपति की सुरक्षा में चूक हुई।

कंट्रोल टावर तक नहीं पहुंची चेतावनी

4 अगस्त को ट्रंप को लेकर Marine One व्हाइट हाउस के पास स्थित Ellipse से उड़ान भर रहा था। नियमों के तहत हेलिकॉप्टर चालक दल को उड़ान से तीन मिनट पहले एयर ट्रैफिक कंट्रोल को सूचना देनी थी, लेकिन रेडियो संचार की समस्या के कारण यह संदेश कंट्रोल टावर तक नहीं पहुंच पाया।

उसी समय यात्री विमान को मिली टेकऑफ की अनुमति

Marine One की चेतावनी नहीं मिलने के कारण रोनाल्ड रीगन वॉशिंगटन नेशनल एयरपोर्ट के कंट्रोलर्स ने Envoy Air के एक यात्री विमान को उड़ान भरने की अनुमति दे दी। विमान के उड़ान भरने और Marine One के हवा में आने के बाद दोनों विमान एक-दूसरे के काफी करीब आ गए।

करीब 700 फीट का था वर्टिकल अंतर

NTSB के शुरुआती अनुमान के अनुसार दोनों विमानों के बीच सबसे कम दूरी करीब 0.82 नॉटिकल मील यानी लगभग 1.3 किलोमीटर क्षैतिज और करीब 700 फीट यानी 215 मीटर लंबवत थी। यात्री विमान के क्रू को टेकऑफ के बाद ट्रैफिक अलर्ट भी मिला था। हालांकि दोनों विमानों में कोई नुकसान नहीं हुआ और किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।

व्हाइट हाउस में निर्माण से बिगड़ी रेडियो कवरेज

जांच में सामने आया कि व्हाइट हाउस में निर्माण कार्य के कारण Marine One के अस्थायी टेकऑफ स्थान में बदलाव हुआ था। इसके बाद रेडियो रिसीवर और हेलिकॉप्टर के बीच पर्याप्त लाइन-ऑफ-साइट नहीं रही, जिससे संचार प्रभावित हुआ। घटना के बाद FAA ने रेडियो उपकरण को रीगन नेशनल एयरपोर्ट के कंट्रोल टावर के ऊपर स्थानांतरित कर दिया।

पहले भी सामने आई थी संचार समस्या

घटना से करीब एक सप्ताह पहले Marine One के पायलटों और एयर ट्रैफिक कंट्रोलर्स के बीच बैठक में रेडियो संचार की समस्या पर चर्चा हुई थी। इसके बावजूद 4 अगस्त को बैकअप माध्यम से चेतावनी भेजने की कोशिश भी सफल नहीं हो सकी।

White House के मुताबिक इस घटना में ट्रंप खतरे में नहीं थे। NTSB की जांच अभी जारी है और दोनों विमानों के बीच वास्तविक न्यूनतम दूरी की पुष्टि के लिए डेटा की समीक्षा की जा रही है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.