नई दिल्ली, 29 अगस्त 2026 । दिल्ली से पलवल के बीच रोजाना सफर करने वाले यात्रियों के लिए बड़ी खबर है। रेलवे ने परिचालन से जुड़े कार्यों के चलते इस रूट पर चलने वाली 9 ट्रेनों को करीब डेढ़ महीने के लिए रद्द करने का फैसला लिया है। यह व्यवस्था 1 सितंबर से 15 अक्टूबर तक प्रभावी रहेगी। इस दौरान दिल्ली, फरीदाबाद, बल्लभगढ़ और पलवल के बीच नियमित रूप से यात्रा करने वाले यात्रियों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
रेलवे के मुताबिक, शकूरबस्ती-बल्लभगढ़, बल्लभगढ़-शकूरबस्ती, गाजियाबाद पलवल, पलवल-शकूरबस्ती, नई दिल्ली-पलवल (64078), पलवल-गाजियाबाद (64057), शकूरबस्ती-पलवल (64012) और पलवल-शकूरबस्ती (64013) ट्रेनें 1 सितंबर से 15 अक्टूबर तक रद्द रहेंगी। नई दिल्ली-पलवल (64076) भी निर्धारित तारीखों पर रद्द रहेगी। इसके अलावा फरीदाबाद स्टेशन पर कई ट्रेनों का ठहराव भी अस्थायी रूप से खत्म किया जा रहा है।
फरीदाबाद रेलवे प्रोजेक्ट की मुख्य विशेषताएं
- एयरपोर्ट जैसी आधुनिक टर्मिनल बिल्डिंग और चौड़ा कॉनकोर्स
- अलग आगमन और प्रस्थान क्षेत्र।
- मल्टी-लेवल कार पार्किंग, फूड कोर्ट और शॉपिंग एरिया।
- लिफ्ट, एस्केलेटर और दिव्यांगजन-अनुकूल आधुनिक सुविधाएं।
स्टेशन के प्लैटफॉर्म नंबर 2 और 3 पर पावर और ट्रैफिक ब्लॉक के चलते 1 सितंबर से 15 अक्टूबर तक दिल्ली से पलवल और शकूरबस्ती से चलने वाली कई ट्रेनें रद्द रहेंगी। इससे रोजाना दिल्ली फरीदाबाद-पलवल रूट पर सफर करने वाले यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।