आगामी रक्षाबंधन पर्व के दृष्टिगत जनपद वासियों को शुद्ध खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने हेतु जनपद का खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग एक्शन में
22 अगस्त से अब तक चल रहे अभियान के तहत कुल 40 खाद्य पदार्थों के नमूने जांच हेतु प्रयोगशाला किए प्रेषित
इस अभियान के तहत अब तक 910 किलो पनीर, 160 किलो मिठाई, 125 किलो अन्य खाद्य सामग्री करायी गयी नष्ट तथा 100 किलो बूंदी की गई सीज
गौतमबुद्धनगर 27 अगस्त, 2026
आगामी रक्षाबंधन पर्व को दृष्टिगत रखते आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन उत्तर प्रदेश लखनऊ तथा जिलाधिकारी के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग के अधिकारीगण जनपदवासियों को शुद्ध एवं गुणवत्तायुक्त खाद्य एवं पेय पदार्थों की उपलब्धता सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से अभियान चलाकर नमूने जांच हेतु संग्रहित कर रहे हैं।

इसी श्रृंखला में सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय सर्वेश मिश्रा ने जानकारी देते हुए बताया कि 25 अगस्त 2026 रात्रि खाद्य सुरक्षा अधिकारी ओ पी सिंह एवं महेंद्र प्रताप सिंह की टीम द्वारा जेवर टोल प्लाजा पर विष्णु मिल्क प्रोडक्ट्स हाथरस के पनीर वाहन से पनीर का 01 नमूना तथा रबूपुरा जेवर तहसील के अंतर्गत निवासी तंजीम के वाहन से टोफू का 01 नमूना लेकर लगभग 125 किग्रा नष्ट कराया गया। इसी प्रकार 26 अगस्त को खाद्य सुरक्षा अधिकारी मुकेश कुमार एवं विजय बहादुर की टीम द्वारा अजय डेरी इगलास अलीगढ़ के पनीर वाहन से पनीर का 01 नमूना तथा अर्श डेरी दनकौर ग्रेटर नोएडा के लिए दिल्ली से मेवात निर्मित बाइक से लाए जा रहे लगभग लगभग 60 किग्रा से 01 नमूना लेकर शेष को नष्ट कराया गया। इसी प्रकार खाद्य सुरक्षा अधिकारी अमर बहादुर सरोज की टीम द्वारा भंगेल नोएडा स्थित अग्रवाल स्वीट से पनीर का 01 नमूना तथा याकूबपुर सेक्टर-85 नोएडा स्थित बृजवासी स्वीट सेंटर से गुलाब जामुन का 01 नमूना लेकर शेष लगभग 60 किग्रा गुलाब जामुन अस्वास्थ्यकर अवस्था में भंडारित होने के कारण नष्ट कराए गए। रात्रि में डेटा खुर्द अलीगढ़ से सप्लाई के लिए लाए गए पनीर वाहन से तुगलपुर ग्रेटर नोएडा से पनीर का 01 नमूना लिया गया। इस प्रकार कुल 07 नमूना लेकर प्रयोगशाला प्रेषित किए जा रहे हैं। रक्षाबंधन के दृष्टिगत पिछले 22 अगस्त 2026 से अब तक कुल 40 नमूने लेकर जांच हेतु प्रयोगशाला प्रेषित किए गए हैं, 910 किलोग्राम पनीर,160 किलोग्राम मिठाइयां व 125 किलोग्राम अन्य सामग्री प्रथमदृष्टया मिलावटी/प्रदूषित होने के कारण नष्ट करायी गईं तथा 100 किग्रा बूंदी सीज़ की गई हैं।
सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय ने बताया कि आगे भी इसी प्रकार जांच अभियान संचालित करते हुए नमूने संग्रहित करने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी, ताकि जनपद वासियों को निर्धारित मानकों के अनुरूप शुद्ध खाद्य एवं पेय पदार्थ उपलब्ध हो सके।
सौजन्य से सूचना विभाग गौतम बुद्ध नगर।