नई दिल्ली, 28 अगस्त 2026 । रक्षाबंधन और आने वाले त्योहारों को देखते हुए दिल्ली में खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटखोरों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। विभाग की टीमों ने मिठाई बनाने वाली इकाइयों, दुकानों, मंडियों और बाजारों में छापेमारी कर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच की। अभियान का खास फोकस पनीर, खोया, घी, मिठाई और अन्य दूध से बने उत्पादों पर रहा।
क्या था पूरा मामला
दरअसल, फूड सेफ्टी डिपार्टमेंट ने ओखला, बादली, निहाल विहार और नरेला में मिठाई निर्माण इकाइयों के अलावा ओखला सब्जी मंडी और घंटाघर सब्जी मंडी समेत कई संवेदनशील इलाकों में जांच की। अधिकारियों के मुताबिक, त्योहारी सीजन में दूध, पनीर, खोया, घी और मिठाइयों की मांग बढ़ने के कारण इन उत्पादों की गुणवत्ता पर विशेष नजर रखी जा रही है। अभियान के दौरान करीब 131 किलो एक्सपायर्ड खाद्य सामग्री मिली। इसमें खोया, बेसन और आटा शामिल था। इसके अलावा खाद्य सुरक्षा और मानक के तहत 37 सैंपल लिए गए हैं। इन्हें जांच के लिए लैब भेजा है।
ओखला से नरेला तक कार्रवाई
खाद्य सुरक्षा विभाग के उड़नदस्तों ने ओखला, बादली, निहाल विहार और नरेला में मिठाई बनाने वाली जगहों का निरीक्षण किया। इसके अलावा ओखला और घंटाघर सब्जी मंडी समेत कई संवेदनशील बाजारों में भी खाद्य पदार्थों की जांच की गई। विभाग का लक्ष्य त्योहारों के दौरान बढ़ने वाली मांग के बीच मिलावटी या असुरक्षित सामान को बाजार तक पहुंचने से रोकना है।
508 किलो संदिग्ध पनीर भी हुआ नष्ट
इस अभियान के दौरान ओखला सब्जी मंडी में करीब 508 किलोग्राम संदिग्ध मिलावटी पनीर भी नष्ट कराया गया। त्योहारों के दौरान दूध और दूध से बने उत्पादों की मांग बढ़ने के कारण विभाग इन वस्तुओं की गुणवत्ता पर विशेष नजर रख रहा है।
रिपोर्ट के आधार पर होगी कानूनी कार्रवाई
खाद्य सुरक्षा विभाग ने साफ किया है कि केवल नमूने लेने तक कार्रवाई सीमित नहीं रहेगी। प्रयोगशाला रिपोर्ट में यदि खाद्य पदार्थ तय मानकों पर खरे नहीं उतरते हैं तो संबंधित लोगों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक कानून के तहत कार्रवाई की जाएगी। विभाग की टीमें आने वाले दिनों में भी निरीक्षण और सैंपलिंग जारी रखेंगी।
त्योहारों के दौरान मिठाई और डेयरी उत्पादों की खपत बढ़ जाती है। ऐसे में खाद्य विभाग की यह कार्रवाई उपभोक्ताओं को सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जा रही है। दिल्लीवासियों को भी मिठाई और दूध से बने उत्पाद खरीदते समय साफ-सफाई, पैकिंग और गुणवत्ता का ध्यान रखने की सलाह दी गई है।