रक्षाबंधन से पहले भाई ने दो सगी बहनों को मारी गोली, शक बना खूनी रिश्ते का कारण

0

रुड़की , 27 अगस्त 2026 । उत्तराखंड के रुड़की में रक्षाबंधन से पहले रिश्तों को झकझोर देने वाली वारदात सामने आई है। गंगनहर कोतवाली क्षेत्र में एक भाई ने अपनी दो सगी बहनों की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना में छोटी बहन के पति को भी गोली लगी, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने आरोपी भाई को गिरफ्तार कर लिया है।

हरिद्वार के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) नवनीत सिंह ने बताया कि मंगलवार रात हुई घटना के संबंध में भगवानपुर क्षेत्र के चुड़ियाला गांव निवासी 30 वर्षीय आरोपी युवक विवेक उर्फ विक्की को देर रात गिरफ्तार कर लिया गया। उन्होंने बताया कि विक्की ने अपने जीजा को भी कथित तौर पर गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया जिसका अस्पताल में उपचार जारी है। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में पता चला है कि विक्की ने संपत्ति विवाद और बहनों के चरित्र को लेकर शक के कारण अपनी दोनों विवाहित बहनों की कथित तौर पर गोली मारकर हत्या की। उन्होंने बताया कि जानकारी के अनुसार, आरोपी पहले अपनी बड़ी बहन शकुंतला उर्फ संगीता (50) के घर गया और घर के बाहर ही उसे कथित तौर पर गोली मार दी। उन्होंने बताया कि इसके बाद वह पुष्पा (45) के घर गया जहां उसने उसे तथा उसके पति संदीप को कथित तौर पर गोली मार दी तथा दोनों बहनों की मौत हो गई।

बहनों की निजी जिंदगी से था नाराज

जांच में सामने आया है कि आरोपी अपनी दोनों बहनों की निजी जिंदगी को लेकर नाराज रहता था। रिपोर्ट के मुताबिक, वह दोनों के वैवाहिक जीवन और रिश्तों को लेकर शक करता था। पुलिस इसी कथित शक को हत्याकांड की मुख्य वजहों में से एक मानकर जांच कर रही है।

आरोपी के पास से हथियार बरामद

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद उसके पास से कथित तौर पर वारदात में इस्तेमाल तमंचा, खाली कारतूस और जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। मामले में आरोपी के पिता और कुछ अन्य रिश्तेदारों से भी पूछताछ की गई है। पुलिस घटना के पीछे के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

रक्षाबंधन से ठीक पहले हुई इस दोहरे हत्याकांड ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है। जिस त्योहार में भाई-बहन के रिश्ते और सुरक्षा का संदेश दिया जाता है, उससे पहले एक भाई पर अपनी ही दो बहनों की हत्या का आरोप लगना इस घटना को और भी गंभीर बना देता है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.