नई दिल्ली, भारत ने अपने ऐतिहासिक 600वें टेस्ट मैच को शानदार जीत के साथ यादगार बना दिया। गाले में खेले गए पहले टेस्ट में टीम इंडिया ने श्रीलंका को 165 रन से हरा दिया। इस जीत के साथ भारत ने दो मैचों की टेस्ट सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है।
मैच के पांचवें दिन बुधवार को दूसरी पारी में श्रीलंका का स्कोर 75 ओवर में 6 विकेट पर 199 रन था। सुथार ने अगले ओवर में तीन विकेट लेकर भारत की जीत लगभग तय कर दी। इस ओवर में सुथार ने सोनल दिनुषा, प्रभात जयसूर्या और लाहिरु कुमारा को आउट किया। श्रीलंका का स्कोर 9 विकेट पर 199 रन हो गया। सुथार ने अपने अगले ओवर में केशरा नुवांथा को आउट कर श्रीलंका की पारी समेट दी।
भारत की जीत के सबसे बड़े नायक युवा बाएं हाथ के स्पिनर मानव सुथार रहे। अपने दूसरे ही टेस्ट में सुथार ने मैच में कुल 10 विकेट झटके। पहली पारी में चार विकेट लेने के बाद उन्होंने दूसरी पारी में 6 विकेट लेकर श्रीलंका की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी। भारत ने श्रीलंका के सामने जीत के लिए 372 रन का लक्ष्य रखा था। लक्ष्य का पीछा करते हुए मेजबान टीम दूसरी पारी में 206 रन पर ऑलआउट हो गई। कप्तान धनंजय डी सिल्वा ने 59 रन बनाए, जबकि सोनल दिनुषा ने 84 रन की पारी खेलकर संघर्ष किया, लेकिन उन्हें दूसरे छोर से पर्याप्त सहयोग नहीं मिल सका।
भारत की पहली पारी में देवदत्त पडिक्कल ने शानदार 167 रन बनाकर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया। यह उनके टेस्ट करियर का पहला शतक था। उनके इस प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच भी चुना गया।
यह मुकाबला भारतीय टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में खास रहा, क्योंकि गाले में भारत ने अपना 600वां टेस्ट खेला। 1932 में टेस्ट क्रिकेट की शुरुआत करने वाली भारतीय टीम ने करीब 94 साल के सफर में यह ऐतिहासिक मुकाम हासिल किया।
इस जीत से भारत को वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2025-27 अभियान में भी महत्वपूर्ण बढ़त मिली है। अब दोनों टीमों के बीच सीरीज का दूसरा टेस्ट बाकी है, जिसमें भारत की नजर सीरीज अपने नाम करने पर होगी।