देहरादून, 12 अगस्त 2026 । उत्तराखंड ने शिक्षा के क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए खुद को ‘पूर्ण साक्षर राज्य’ घोषित किया है। इस उपलब्धि पर केंद्रीय शिक्षा मंत्री प्रह्लाद जोशी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और पूरे प्रदेशवासियों को बधाई दी है। उत्तराखंड ने यह उपलब्धि ‘उल्लास-नव भारत साक्षरता कार्यक्रम’ के तहत हासिल की है। राज्य को यह दर्जा इसी वर्ष 8 जुलाई को प्राप्त हुआ था।
केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने अपने बधाई संदेश में कहा कि कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद उत्तराखंड का पूर्ण साक्षर राज्य बनना एक उल्लेखनीय उपलब्धि है। उन्होंने इसे मुख्यमंत्री के नेतृत्व, प्रशासनिक प्रतिबद्धता और प्रदेशवासियों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम बताया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को भेजे गए बधाई पत्र में केंद्रीय शिक्षा मंत्री प्रह्लाद जोशी ने कहा कि यह महत्वपूर्ण उपलब्धि मुख्यमंत्री के दूरदर्शी नेतृत्व, प्रशासनिक प्रतिबद्धता तथा प्रदेशवासियों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने कहा कि कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद उत्तराखंड ने पूर्ण साक्षरता के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल कर देश के समक्ष एक प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत किया है।
केंद्रीय शिक्षा मंत्री ने क्या कहा?
केंद्रीय शिक्षा मंत्री ने कहा कि जहां समग्र शिक्षा बाल्यावस्था की प्रारंभिक शिक्षा से लेकर बालवाटिका, पूर्व-प्राथमिक शिक्षा और कक्षा 12 तक स्कूली शिक्षा को सुदृढ़ करते हुए सभी के लिए शिक्षा की पहुंच, समानता और गुणवत्ता सुनिश्चित करती है। वहीं *उल्लास* उन वयस्क शिक्षार्थियों को सशक्त बनाता है, जो औपचारिक शिक्षा से वंचित रह गए हैं। यह उन्हें आधारभूत साक्षरता, जीवन कौशल और डिजिटल दक्षता भी प्रदान करता है।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि उत्तराखंड की यह उपलब्धि अन्य राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी तथा वे समावेशी और समानतापूर्ण साक्षरता के लक्ष्य को प्राप्त करने के अपने प्रयासों को और अधिक गति देंगे।