पप्पू यादव पर हमले के मामले में आरोपी हैप्पी शर्मा का दावा, कहा- ‘हमारे पास चाकू नहीं था’, जांच जारी
लखनऊ, 03 अगस्त 2026 । बिहार के सांसद पप्पू यादव पर कथित हमले के मामले में आरोपी हैप्पी शर्मा का बयान सामने आया है। मीडिया से बातचीत में उसने दावा किया कि घटना के समय उनके पास कोई चाकू नहीं था और जो चाकू दिखाया गया, उसे बाद में प्रेस के सामने पेश किया गया। आरोपी ने अपने ऊपर लगाए गए आरोपों से इनकार करते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।
बुलंद शहर के नैतला गांव के निवासी हैप्पी शर्मा और उनके साथी सहपानी गांव के सुमित गिरी गोस्वामी पर सांसद पप्पू यादव पर हमला करने, जूते चप्पल फेंकने और चाकू के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस में पहुंचने का आरोप है। यह दोनों आरोपी ठेकेदारी का काम करते हैं।
घटना के बाद संसद पप्पू यादव की ओर से आरोप लगाया गया है कि प्रेस कॉन्फेंस के दौरान एक व्यक्ति ने उन पर चप्पल फेंकी। पप्पू यादव ने आरोप लगाया कि हमला करने वाला व्यक्ति चाकू लेकर आया था और उनकी हत्या की कोशिश की गई। इसके बाद वहां मौजूद सांसद के समर्थकों ने आरोपी को पकड़ लिया और उसके साथ मारपीट की।
दूसरी ओर, पुलिस का कहना है कि मामले की जांच उपलब्ध साक्ष्यों, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान, सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी सबूतों के आधार पर की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि घटना के दौरान क्या हुआ और कथित हथियार से जुड़े दावे कितने सही हैं।
यह मामला राजनीतिक रूप से भी चर्चा का विषय बना हुआ है। घटना के बाद विभिन्न राजनीतिक दलों ने अपनी-अपनी प्रतिक्रियाएं दी हैं, जबकि जांच एजेंसियां पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष पड़ताल में जुटी हैं। अधिकारियों ने कहा है कि किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले सभी तथ्यों और सबूतों का सावधानीपूर्वक परीक्षण किया जाएगा।
फिलहाल पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर चल रहे अपुष्ट दावों या अफवाहों पर विश्वास न करें। मामले में आगे की कार्रवाई जांच के निष्कर्षों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर की जाएगी।