पंजाब , 29 जुलाई 2026 । पंजाब भाजपा अध्यक्ष Sunil Jakhar ने पंजाब स्टेट रूरल लाइवलीहुड मिशन (PSRLM) की भर्ती प्रक्रिया को लेकर राज्य सरकार पर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भर्ती प्रक्रिया में अनियमितताएं हुई हैं और सरकार को इस मामले में जवाब देना चाहिए। जाखड़ ने पारदर्शी जांच की मांग करते हुए कहा कि युवाओं के भविष्य से जुड़े मामलों में किसी भी तरह की लापरवाही स्वीकार नहीं की जा सकती।
सुनील जाखड़ ने ट्वीट कर कहा कि, ”ईमानदारी की आड़ में काम कर रही AAP सरकार के राज में, पंजाब स्टेट रूरल लाइवलीहुड मिशन (PSRLM) में एडवर्टाइजमेंट नंबर 126 तारीख 28-01-2026 के हिसाब से हुई भर्ती में गड़बड़ियां देखने को मिली हैं। उन्होंने आगे कहा कि, यह राज तब खुला जब एक पिटीशनर माननीय हाई कोर्ट पहुंचा। कोर्ट ने एक निष्पक्ष जांच कमेटी बनाई है। जाखड़ ने स्वाल किया है कि, क्या सरकार बताएगी कि यह बदलाव किसी की सिफारिश पर हुआ, क्या इसके लिए कोई जिम्मेदार होगा? और क्या इसके लिए संबंधित मंत्री का इस्तीफा लिया जाएगा?
सुनील जाखड़ ने कहा कि सरकारी और अर्ध-सरकारी संस्थानों में होने वाली भर्तियां निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से होनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि PSRLM भर्ती प्रक्रिया को लेकर अभ्यर्थियों के बीच असंतोष है और कई सवाल उठ रहे हैं। उन्होंने पंजाब सरकार से पूरी प्रक्रिया की समीक्षा करने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की।
भाजपा नेता ने कहा कि रोजगार से जुड़े मुद्दों पर सरकार को जवाबदेह होना चाहिए। उनका आरोप है कि आम आदमी पार्टी सरकार लगातार पारदर्शिता और भ्रष्टाचार मुक्त शासन के दावे करती है, लेकिन भर्ती प्रक्रियाओं में सामने आ रही शिकायतें इन दावों पर सवाल खड़े करती हैं।
वहीं, पंजाब सरकार की ओर से इस मामले में आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार है। सरकार की तरफ से यदि कोई स्पष्टीकरण या जांच संबंधी जानकारी सामने आती है, तो स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल PSRLM भर्ती प्रक्रिया को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है।