नई दिल्ली, 23 जुलाई 2026 । दिल्ली पुलिस ने 10वीं और 12वीं की फर्जी मार्कशीट तथा शैक्षणिक प्रमाणपत्र तैयार कर बेचने वाले एक संगठित गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए तीन शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की कार्रवाई के दौरान बड़ी संख्या में नकली मार्कशीट, फर्जी प्रमाणपत्र, कंप्यूटर, प्रिंटर, लैपटॉप, डिजिटल उपकरण और अन्य दस्तावेज बरामद किए गए हैं। शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी लंबे समय से फर्जी शैक्षणिक दस्तावेज तैयार कर छात्रों और नौकरी की तलाश कर रहे लोगों को मोटी रकम लेकर उपलब्ध करा रहे थे।
डीसीपी शाहदरा राजेंद्र प्रसाद मीणा ने बताया कि शाहदरा का रहने वाला नवनीत त्यागी फर्जी मार्कशीट तैयार कर सप्लाई करता है। इस सूचना के सत्यापन के लिए पुलिस ने फर्जी ग्राहक बनाकर जाल बिछाया। पुलिस टीम ने विकास मॉल, शाहदरा के पास छापेमारी कर नवनीत त्यागी को दबोच लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से 10वीं और 12वीं की फर्जी मार्कशीट बरामद हुई। शाहदरा थाने में केस दर्ज किया गया। नवनीत से पूछताछ की गई, तो उसके अन्य साथियों सबाब आलम और फरीद अहमद सैफी के नाम सामने आए। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के पास से एक लैपटॉप, प्रिंटर और जाली दस्तावेज तैयार करने में इस्तेमाल होने वाला अन्य सामान बरामद किए गए हैं।