बिजनौर में फिटनेस सर्टिफिकेट घोटाला उजागर
बिना वाहन जांच 10 हजार गाड़ियों को मिली फिटनेस, एटीएस का रजिस्ट्रेशन रद्द
बिजनौर , 23 जुलाई 2026 । उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले में वाहन फिटनेस प्रमाणपत्र जारी करने में बड़े पैमाने पर अनियमितताओं का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक ऑटोमेटेड टेस्टिंग स्टेशन (एटीएस) ने बिना वाहनों की वास्तविक जांच किए ही करीब 10 हजार वाहनों के फिटनेस सर्टिफिकेट जारी कर दिए। मामले का खुलासा होने के बाद परिवहन विभाग ने सख्त कार्रवाई करते हुए संबंधित एटीएस का रजिस्ट्रेशन रद्द कर दिया है।
लखनऊ की दो गाड़ियों की बिना भौतिक जांच फिटनेस जारी होने पर मामला उजागर हुआ। परिवहन आयुक्त आशुतोष निरंजन ने जांच रिपोर्ट के आधार पर इस एटीएस का रजिस्ट्रीकरण प्रमाण पत्र (आरसी) निरस्त कर दिया है और संचालक की 5 लाख की बैंक गारंटी भी जब्त कर ली है।