देहरादून में नदी का जलस्तर अचानक बढ़ा, संतला देवी मंदिर के पास टापू पर फंसे 7 लोगों का रेस्क्यू अभियान जारी

0

देहरादून , 20  जुलाई 2026 । उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में मौसम के बदलाव के बीच एक बड़ा हादसा टल गया। संतला देवी मंदिर के पास नदी का जलस्तर अचानक बढ़ने से 7 लोग नदी के बीच बने टापू पर फंस गए। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और बचाव दल सक्रिय हुए और फंसे हुए लोगों को सुरक्षित निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया।

रविवार को छुट्टी होने के कारण बड़ी संख्या में लोग संतला देवी के दर्शन करने को पहुंचे। पुलिस कंट्रोल रूम के जरिए एसडीआरएफ को आपातकालीन सूचना मिली। बताया गया कि संतला देवी मंदिर के पास नदी में अचानक पानी बढ़ने से कुछ लोग टॉपू पर फंस गए हैं। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ पोस्ट सहस्त्रधारा से उपनिरीक्षक राजवर राणा नेतृत्व में एक टीम तुरंत घटनास्थल के लिए रवाना हुई है।

एसडीआरएफ टीम ने जब रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया तो उस समय मूसलाधार बारिश हो रही थी, जिस कारण से नदी का पानी बढ़ता जा रहा था और नदी का बहाव तेज हो रहा था। बीच नदी में फंसे लोगों का खुद निकलना मुश्किल दिखाई पड़ रहा था। एसडीआरएफ ने बिना समय गंवाए स्थानीय पुलिस के साथ रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।

जानकारी के अनुसार, नदी में पानी का बहाव अचानक तेज हो गया, जिसके कारण लोग वापस किनारे तक नहीं पहुंच सके। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस और आपदा प्रबंधन टीम को दी। इसके बाद एसडीआरएफ (SDRF) और अन्य बचाव दल मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।

बचाव टीमों ने रस्सियों, लाइफ जैकेट और अन्य सुरक्षा उपकरणों की मदद से फंसे लोगों तक पहुंचने का प्रयास किया। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बारिश के मौसम में नदी-नालों और तेज बहाव वाले क्षेत्रों में जाने से बचें, क्योंकि पहाड़ी इलाकों में जलस्तर अचानक बढ़ सकता है।

उत्तराखंड में मानसून के दौरान नदियों और गधेरों में अचानक पानी बढ़ने की घटनाएं सामने आती रहती हैं। ऐसे में प्रशासन ने संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी है और पर्यटकों व स्थानीय लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.