61 दिन बाद खत्म हुआ ग्रामीणों का धरना, चानौत गांव को 4 इंच के टी-कनेक्शन से मिलेगा भाखड़ा का पानी

0

हरियाणा , 15  जुलाई 2026 । हरियाणा के चानौत गांव में पेयजल की मांग को लेकर पिछले 61 दिनों से जारी ग्रामीणों का धरना आखिरकार समाप्त हो गया। सरकार और ग्रामीणों के बीच हुई सहमति के बाद आंदोलन समाप्त करने का निर्णय लिया गया। समझौते के तहत गांव को 4 इंच के टी-कनेक्शन के माध्यम से भाखड़ा का पानी उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे लंबे समय से चली आ रही पेयजल समस्या के समाधान की उम्मीद जगी है।

बता दें कि हिसार जिले के चानोत गांव में पेयजल की मांग को लेकर पिछले 61 दिनों से ग्रामीणों का धरना जारी था। इस धरने के बीच आज केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर हांसी पहुंचे थे। इस दौरान उनके साथ मंत्री रणबीर गंगवा, राज्यसभा सांसद सुभाष बराला, हांसी से विधायक विनोद भयाना मौजूद रहे।  यहां चानोत धरना समिति और केंद्रीय मंत्री के बीच हुई अहम बैठक के बाद सहमति बन गई और पेयजल की मांग को लेकर चल रहा ग्रामीणों का धरना समाप्त हो गया है।

धरने के दौरान ग्रामीण लगातार भाखड़ा नहर से पेयजल आपूर्ति की मांग कर रहे थे। कई दौर की बातचीत और प्रशासनिक स्तर पर हुई बैठकों के बाद दोनों पक्षों के बीच सहमति बनी। इसके बाद ग्रामीणों ने आंदोलन समाप्त करने की घोषणा की और सरकार के फैसले का स्वागत किया।

प्रशासन का कहना है कि तय समझौते के अनुसार आवश्यक तकनीकी और निर्माण संबंधी कार्य जल्द शुरू किए जाएंगे, ताकि गांव के लोगों को निर्धारित समय में भाखड़ा का पानी मिल सके। अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि परियोजना को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा और जलापूर्ति व्यवस्था को सुचारु बनाया जाएगा।

ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि सरकार समझौते के सभी बिंदुओं को समयबद्ध तरीके से लागू करेगी। उनका कहना है कि पेयजल की समस्या का स्थायी समाधान होने से गांव के हजारों लोगों को राहत मिलेगी और भविष्य में पानी की कमी का सामना नहीं करना पड़ेगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.