पटना, 14 जुलाई 2026 । बिहार के बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में अब भरत तिवारी एनकाउंटर का मुद्दा भी राजनीतिक चर्चा का केंद्र बनता दिखाई दे रहा है। जन सुराज के कार्यकर्ताओं द्वारा भरत तिवारी को लेकर ‘शहीद’ लिखे पोस्टर और बैनर प्रदर्शित किए जाने के बाद चुनावी माहौल में नया राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है।
क्या बांकीपुर उपचुनाव में गूंजेगा भरत तिवारी का मुद्दा
बिहार की राजधानी पटना से सामने आया 34 सेकंड का वीडियो जिसमें जन सुराज के कार्यकर्ता भरत तिवारी अमर रहे के नारे लगा रहे हैं। इस वीडियो को बिहार में एएनआई के प्रतिनिधि मुकेश कुमार ने भी एक्स पर पोस्ट किया है। वीडियो पटना में जन सुराज के मुखिया प्रशांत किशोर के नामांकन भरने जाने के दौरान का है। इसी जुलूस में भरत तिवारी का शहीद वाला पोस्टर लेकर कार्यकर्ता नारे लगा रहे हैं। सवाल उठता है कि क्या बांकीपुर उपचुनाव में भी भरत तिवारी का मुद्दा गूंजने वाला है।
जन सुराज के नेताओं का कहना है कि वे इस मुद्दे को जनता के बीच उठाकर निष्पक्ष जांच और जवाबदेही की मांग कर रहे हैं। वहीं, विरोधी दलों ने इस कदम को चुनावी लाभ लेने की कोशिश बताते हुए इसकी आलोचना की है। पोस्टर सामने आने के बाद राजनीतिक दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है।
भरत तिवारी एनकाउंटर को लेकर पहले भी विभिन्न राजनीतिक और सामाजिक संगठनों की ओर से सवाल उठाए जाते रहे हैं। अब उपचुनाव के दौरान इस मुद्दे के उभरने से यह चुनावी विमर्श का हिस्सा बन गया है। हालांकि, मामले को लेकर अलग-अलग दलों की अपनी-अपनी राजनीतिक व्याख्या है।
फिलहाल, चुनाव आयोग और प्रशासन की ओर से इस पोस्टर अभियान पर कोई आधिकारिक टिप्पणी नहीं की गई है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि आने वाले दिनों में यह मुद्दा चुनाव प्रचार के दौरान और अधिक चर्चा में रह सकता है, जबकि मतदाता स्थानीय विकास, कानून-व्यवस्था और अन्य जनहित के मुद्दों पर भी अपनी राय बनाएंगे।