नई दिल्ली, 11 जुलाई 2026 । दिल्ली की राजनीति में बड़ा सियासी घटनाक्रम सामने आया है। आम आदमी पार्टी (AAP) से बगावत कर अलग राजनीतिक दल बनाने वाले मुकेश गोयल के गुट ने अब भारतीय जनता पार्टी (BJP) की सदस्यता ग्रहण कर ली है। इस फैसले को राजधानी की नगर राजनीति और स्थानीय संगठनात्मक समीकरणों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
सीएम रेखा गुप्ता ने की घोषणा
BJP प्रदेश कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा और सीएम रेखा गुप्ता ने सभी पार्षदों का BJP में स्वागत करके IVP के विलय की घोषणा की। इस मौके पर दिल्ली के मेयर प्रवेश वाही भी मौजूद रहे। मुकेश गोयल ने कहा कि सरकार के विकास योजनाओं से प्रभावित होकर बिना किसी शर्त BJP में शामिल हुए हैं। पिछले साल BJP सरकार बनने के बाद AAP के नाराज पार्षदों ने मुकेश गोयल के नेतृत्व अलग गुट बना IVP की घोषणा की थी।
बीजेपी से जुड़ने के बाद क्या बोले हर्ष मल्होत्रा
केंद्रीय मंत्री हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि आज IVP के 16 पार्षद, जो कि 11-12 लाख लोगों का नेतृत्व करते हैं उनके साथ BJP में शामिल हुए हैं। यह सभी BJP सरकार के विकास कार्यों के साथ जुड़े हैं। उधर, रेखा गुप्ता ने कहा कि IVP के सदस्यों एवं पार्षदों का मोदी सरकार के विकास एजेंडे से प्रभावित होकर BJP में शामिल होने के फैसलों का मैं स्वागत करती हूं। उन्होंने पार्षदों को भरोसा दिलाया कि अब उन्हें ट्रिपल इंजन सरकार का पूरा लाभ मिलेगा।
बताया जा रहा है कि मुकेश गोयल गुट के कई प्रमुख नेता और समर्थक भी भाजपा में शामिल हुए। इस कदम से दिल्ली की स्थानीय राजनीति में नए समीकरण बनने की संभावना जताई जा रही है। भाजपा ने इसे संगठन के विस्तार और स्थानीय स्तर पर जनसमर्थन बढ़ने का संकेत बताया है।
वहीं, राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इस घटनाक्रम का असर नगर निगम की राजनीति और भविष्य के चुनावी समीकरणों पर पड़ सकता है। हालांकि, इसका वास्तविक प्रभाव आने वाले राजनीतिक घटनाक्रम और चुनावों में ही स्पष्ट होगा।
मुकेश गोयल गुट के भाजपा में शामिल होने के बाद दिल्ली की राजनीति में हलचल तेज हो गई है और सभी दल इस बदलाव के संभावित राजनीतिक प्रभाव का आकलन कर रहे हैं।