रुद्रप्रयाग, 10 जुलाई 2026 । उत्तराखंड के केदारनाथ धाम में भारी बारिश की चेतावनी के बीच प्रशासन ने एहतियाती कदम तेज कर दिए हैं। मौसम विभाग के अलर्ट के बाद संगम घाट क्षेत्र में मौजूद यात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा गया है। साथ ही, यात्रा मार्ग और संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ा दी गई है, ताकि किसी भी आपात स्थिति से तुरंत निपटा जा सके।
यह कार्रवाई भारी वर्षा एवं नदी के जलस्तर में वृद्धि की आशंका को देखते हुए रखते हुए एहतियातन की गई, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना या दुर्घटना की संभावना को रोका जा सके। जिला प्रशासन द्वारा यात्रा मार्ग के विभिन्न संवेदनशील स्थलों पर निरंतर निगरानी रखी जा रही है और पुलिस, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, डीडीआरएफ एवं अन्य संबंधित विभागों की टीमें किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए मुस्तैदी के साथ तैनात हैं।
प्रशासन, पुलिस, एसडीआरएफ और अन्य राहत एजेंसियां लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। यात्रियों से अपील की गई है कि वे प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें और खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से संवेदनशील क्षेत्रों की ओर जाने से बचें।
अधिकारियों के अनुसार, लगातार हो रही बारिश को देखते हुए भूस्खलन और जलस्तर बढ़ने की आशंका को ध्यान में रखकर सुरक्षा इंतजाम मजबूत किए गए हैं। यात्रा मार्गों का नियमित निरीक्षण किया जा रहा है और जरूरत पड़ने पर आगे भी एहतियाती कदम उठाए जा सकते हैं।
प्रशासन ने श्रद्धालुओं से मौसम की ताजा जानकारी लेते रहने और केवल आधिकारिक सूचना के आधार पर ही यात्रा संबंधी निर्णय लेने की सलाह दी है। फिलहाल केदारनाथ धाम और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है।