हीरे का हार, गोल्ड चेन और डायमंड पेंडेंट चोरी के आरोप में घरेलू सहायिका गिरफ्तार

लग्जरी लाइफ के लिए लाखों के गहनों पर किया हाथ साफ

0

देहरादून, 03 जुलाई 2026 । घरेलू सहायिका पर एक घर से हीरे का हार, सोने की चेन, डायमंड पेंडेंट समेत लाखों रुपये के कीमती गहने चोरी करने का आरोप लगा है। पुलिस के अनुसार, आरोपी महिला घर में काम करने के दौरान धीरे-धीरे आभूषण चोरी करती रही और कथित तौर पर उसी पैसे से आलीशान जीवनशैली जी रही थी।

देहरादून के थाना राजपुर से मिली जानकारी के अनुसार, सिक्का किमाया ग्रीन आईटी पार्क में रहने वाली नितिशा वत्स ने पुलिस को लिखित तहरीर दी कि करीब एक साल पहले घर में रखे हीरे व अन्य ज्वैलरी कहीं गुम हो गए। पहले उन्हें लगा कि उनकी ज्वैलरी किसी परिचित के पास है या घर में कहीं होगी। कुछ दिन पहले उनकी किसी परिचित ने बताया कि एक महिला ने हीरे के हार के साथ इंस्टाग्राम अकाउंट पर खुद की फोटो लगाई है,जो उनके हार की तरह मिलता जुलता है।

मामले की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज, पूछताछ और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान की गई। इसके बाद उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें चोरी से जुड़े महत्वपूर्ण सुराग मिलने का दावा किया गया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से कुछ चोरी किए गए गहने और अन्य सामान भी बरामद करने की बात कही है।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि आरोपी ने चोरी किए गए गहनों को कहीं बेचा था या नहीं तथा क्या इस मामले में कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था। जांच पूरी होने के बाद उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.