लुधियाना , 29 जून् 2026 । एक स्कूल प्रिंसिपल की बेरहमी से हत्या की वारदात ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। आरोप है कि बदमाशों ने पहले प्रिंसिपल को बंधक बनाया और फिर उनकी हत्या कर दी। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है, जबकि पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान 50 वर्षीय इकबाल सिंह के रूप में हुई है, जो गांव जंडियाली में अपने निवास स्थान पर ही एक स्कूल का संचालन करते थे और खुद वहां बतौर प्रिंसिपल कार्यरत थे। वारदात के संबंध में मृतक के बेटे ने पुलिस को दिए रोंगटे खड़े कर देने वाले बयानों में बताया कि देर रात दो अज्ञात व्यक्ति दीवार फांदकर लूट की नीयत से उनके घर के भीतर दाखिल हुए। अंदर आते ही आरोपियों ने हथियारों के बल पर उन दोनों को काबू कर लिया और रस्सियों से बंधक बना दिया। इसके बाद बदमाशों ने उन दोनों के साथ जमकर मारपीट की। जब इकबाल सिंह ने खुद को और बेटे को बचाने के लिए मुकाबला करने की कोशिश की, तो हमलावरों ने उन पर धारदार हथियार से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची तथा घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रारंभिक जांच में पुलिस हत्या के पीछे पुरानी रंजिश, लूट या अन्य आपराधिक कारणों सहित सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है।
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर रही है। साथ ही संदिग्ध लोगों की पहचान कर उनकी गतिविधियों की भी जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि तकनीकी साक्ष्यों और जांच के आधार पर जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।
इस जघन्य वारदात के बाद स्थानीय लोगों में भय और आक्रोश का माहौल है। पुलिस ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है और भरोसा दिलाया है कि मामले का जल्द खुलासा कर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।