कौन हैं संजय दत्त? हरियाणा कांग्रेस के नए प्रभारी बने

संगठन में नई जान फूंकने की मिली अहम जिम्मेदारी

0

चंडीगढ़, 27 जून्‌ 2026 । कांग्रेस हाईकमान ने संगठनात्मक फेरबदल के तहत वरिष्ठ नेता संजय दत्त को हरियाणा का नया AICC (अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी) प्रभारी नियुक्त किया है। उनकी नियुक्ति ऐसे समय में हुई है, जब पार्टी हरियाणा में अपने संगठन को मजबूत करने और भविष्य के चुनावों की तैयारियों को धार देने में जुटी है। यह फैसला तत्काल प्रभाव से लागू किया गया है।

कौन हैं हरियाणा कांग्रेस के नए प्रभारी संजय दत्त?

संजय दत्त कांग्रेस के वरिष्ठ नेता है। संजय दत्त अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) के सचिव हैं। इसके अलावा वह मध्य प्रदेश में कांग्रेस पार्टी के सह-प्रभारी और सचिव के रूप में जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। इससे पहले उन्होंने मध्य प्रदेश के अलावा तमिलनाडु के सह-प्रभारी के रूप में भी बड़ी जिम्मेदारी निभाई है।

संजय दत्त कांग्रेस के अनुभवी नेताओं में गिने जाते हैं और वर्तमान में AICC सचिव के रूप में भी जिम्मेदारी निभा चुके हैं। उन्हें संगठनात्मक कार्यों, कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय और चुनावी रणनीति तैयार करने का अच्छा अनुभव माना जाता है। पार्टी नेतृत्व को उम्मीद है कि उनके नेतृत्व में हरियाणा में कांग्रेस का संगठन और अधिक सक्रिय एवं मजबूत होगा।

हरियाणा में कांग्रेस पिछले कुछ वर्षों से भाजपा को कड़ी चुनौती देने की कोशिश कर रही है। ऐसे में संजय दत्त की भूमिका केवल संगठन तक सीमित नहीं होगी, बल्कि उन्हें बूथ स्तर पर पार्टी को मजबूत करने, वरिष्ठ और स्थानीय नेताओं के बीच तालमेल बढ़ाने, कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा भरने और आगामी चुनावों के लिए प्रभावी रणनीति तैयार करने की जिम्मेदारी भी निभानी होगी।

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि कांग्रेस ने यह बदलाव भविष्य के चुनावी समीकरणों को ध्यान में रखते हुए किया है। यदि संजय दत्त संगठन को एकजुट करने और जमीनी स्तर पर पार्टी की सक्रियता बढ़ाने में सफल रहते हैं, तो हरियाणा की राजनीति में कांग्रेस की स्थिति और मजबूत हो सकती है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.