62 बिल्डिंग सील, 35 कोचिंग संस्थानों को नोटिस! लखनऊ अग्निकांड के बाद गाजियाबाद में चला प्रशासन का डंडा

0

गाजियाबाद , 24 जून्‌ 2026 । लखनऊ में हाल ही में हुए भीषण अग्निकांड के बाद गाजियाबाद प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। जिले में बड़े पैमाने पर चलाए गए विशेष जांच अभियान के दौरान अग्नि सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वाली 62 इमारतों को सील कर दिया गया है, जबकि 35 कोचिंग संस्थानों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं। प्रशासन की इस कार्रवाई से भवन मालिकों, शिक्षण संस्थानों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में हड़कंप मच गया है।

मंगलवार को जीटीए वीसी नंद किशोर कलाल के निर्देश के बाद आठ जौन की टीम ने सीलिंग की कार्रवाई शुरू कर दी है। टीमों ने मौके पर कागजातों और स्थिति को देखा तो बड़े पैमाने पर लापरवाही मिली। अब तक की जांच में 206 इमारतों को चिह्नित किया गया है जहां फायर सेफ्टी के इंतजाम फेल है या उनके पास NOC ही नहीं है।

जिला प्रशासन, अग्निशमन विभाग और स्थानीय प्राधिकरण की संयुक्त टीमों ने विभिन्न क्षेत्रों में स्थित व्यावसायिक भवनों, कोचिंग सेंटरों, कॉम्प्लेक्स और बहुमंजिला इमारतों का निरीक्षण किया। जांच के दौरान कई स्थानों पर फायर सेफ्टी उपकरणों की कमी, आपातकालीन निकास मार्गों का अभाव, अग्निशमन प्रमाणपत्रों की अनुपलब्धता और सुरक्षा मानकों की अनदेखी जैसी गंभीर खामियां सामने आईं।

अधिकारियों के अनुसार, जिन भवनों में सुरक्षा नियमों का गंभीर उल्लंघन पाया गया, उनके खिलाफ तत्काल कार्रवाई करते हुए उन्हें सील कर दिया गया। वहीं, कोचिंग संस्थानों को निर्धारित समय के भीतर आवश्यक सुरक्षा मानकों का पालन करने और जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। यदि निर्धारित अवधि में कमियों को दूर नहीं किया गया तो उनके खिलाफ भी कठोर कार्रवाई की जा सकती है।

प्रशासन का कहना है कि छात्रों, कर्मचारियों और आम नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से जिलेभर में फायर सेफ्टी ऑडिट अभियान जारी रहेगा और नियमों की अनदेखी करने वाले संस्थानों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे। अधिकारियों ने भवन संचालकों से सभी सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने की अपील की है ताकि भविष्य में किसी भी प्रकार की दुर्घटना से बचा जा सके।

Leave A Reply

Your email address will not be published.