उत्तराखंड के गदरपुर से कट्टरपंथी सलाउद्दीन गिरफ्तार

0

देहरादून, 19 जून्‌ 2026 । उत्तराखंड एसटीएफ ने उधम सिंह नगर जिले के गदरपुर क्षेत्र से सलाउद्दीन नामक एक संदिग्ध कट्टरपंथी युवक को गिरफ्तार किया है। जांच एजेंसियों के अनुसार आरोपी लंबे समय से सुरक्षा एजेंसियों की निगरानी में था और सोशल मीडिया तथा डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए कथित रूप से युवाओं को कट्टरपंथी और जिहादी विचारधारा से प्रभावित करने का प्रयास कर रहा था।

सलाउद्दीन पर आरोप है कि वह सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म (इंस्टाग्राम, टेलीग्राम एवं सिग्नल) के माध्यम से युवाओं को प्रभावित कर कट्टरपंथी एवं जिहादी विचारधारा से जोड़ने का प्रयास कर रहा था। एसटीएफ टीम द्वारा उसके मोबाइल फोन की जांच के दौरान सिग्नल एवं टेलीग्राम एप पर कई समूहों और चैट्स में कथित रूप से जिहाद, शहादत तथा राष्ट्रविरोधी विचारों से संबंधित सामग्री और संदेश पाए गए।

आरोपी द्वारा पूछताछ के दौरान बताया गया कि कुछ चैट एवं संपर्कों को उसने डिलीट कर दिया था। साथ ही उत्तर प्रदेश के रामपुर निवासी एक व्यक्ति से उसके संपर्क होने की जानकारी भी सामने आई है, जिसकी भूमिका की जांच जारी है। पूछताछ में संवेदनशील जानकारी मिली है। पूछताछ के दौरान आरोपी ने स्वीकार किया कि कुछ घटनाओं से प्रभावित होकर उसके भीतर कट्टरपंथी सोच विकसित हुई थी।

सबसे गंभीर पहलू यह है कि जांच में उसके कुछ विदेशी संपर्कों की जानकारी सामने आई है। रिपोर्टों के मुताबिक, सलाउद्दीन के मलेशिया स्थित कुछ संदिग्ध संपर्कों से जुड़े होने के संकेत मिले हैं, जिनके पाकिस्तान से संबंध होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि सुरक्षा एजेंसियों ने अभी तक पाकिस्तान कनेक्शन की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है, लेकिन इस एंगल पर गहन जांच जारी है। एसटीएफ और अन्य सुरक्षा एजेंसियां अब आरोपी के डिजिटल नेटवर्क, सोशल मीडिया गतिविधियों और संपर्कों की पड़ताल कर रही हैं। अधिकारियों का मानना है कि जांच आगे बढ़ने पर और भी महत्वपूर्ण खुलासे हो सकते हैं। गिरफ्तारी के बाद प्रदेश में सुरक्षा एजेंसियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।

यह कार्रवाई ऐसे समय हुई है जब देशभर में सुरक्षा एजेंसियां संदिग्ध ऑनलाइन कट्टरपंथी नेटवर्क और विदेशी हैंडलरों से जुड़े मामलों पर विशेष नजर रख रही हैं। जांच एजेंसियों का फोकस अब यह पता लगाने पर है कि आरोपी अकेले काम कर रहा था या किसी बड़े नेटवर्क का हिस्सा था।

Leave A Reply

Your email address will not be published.