दिल्ली से ऋषिकेश का सफर होगा और आसान: नमो भारत ट्रेन सीधे लक्ष्मण झूला तक पहुंचाने की तैयारी

0

देहरादून, 17 जून्‌ 2026 । दिल्ली और उत्तराखंड के बीच कनेक्टिविटी को नई रफ्तार देने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया जा रहा है। प्रस्तावित नमो भारत ट्रेन परियोजना के तहत भविष्य में यात्रियों को दिल्ली से सीधे ऋषिकेश के लक्ष्मण झूला क्षेत्र तक तेज और सुविधाजनक रेल सेवा मिलने की संभावना है। इस योजना के पूरा होने के बाद दिल्ली से ऋषिकेश और देहरादून की यात्रा का समय घटकर लगभग ढाई घंटे रह सकता है।

हरिद्वार-ऋषिकेश को देश के सबसे आधुनिक क्षेत्रीय रेल नेटवर्क से जोड़ने की कवायद शुरू हो गई है। नमो भारत ट्रेन में मेरठ से ऋषिकेश तक विस्तार होगा। नया ट्रैक मेरठ के मोदीपुरम स्टेशन से शुरू होकर मुजफ्फरनगर, रुड़की और हरिद्वार होते हुए ऋषिकेश के अंतिम छोर लक्ष्मणझूला तक पहुंचेगा।

160 किमी की रफ्तार, 230 किमी दूरी का सफर

नमो भारत सेमी हाई स्पीड ट्रेन सर्विस 160 किमी की रफ्तार से दौड़ती है। जो कि करीब 230 किमी दूरी का सफर तय करेगी। उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश सरकार व राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (एनसीआरटीसी) के बीच करीब 150 किलोमीटर लंबे प्रस्तावित कॉरिडोर को लेकर सहमति बन गई है। धामी सरकार ने राज्य में पड़ने वाले लगभग 78 किलोमीटर लंबे हरिद्वार-ऋषिकेश खंड की डीपीआर तैयार कराने के लिए 7.02 करोड़ रुपये (जीएसटी अतिरिक्त) का परामर्श शुल्क आवश्यक धनराशि आकस्मिकता निधि से उपलब्ध कराने का निर्णय लिया है।

यह परियोजना राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र और उत्तराखंड के प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों के बीच आवागमन को बेहतर बनाने के उद्देश्य से तैयार की जा रही है। वर्तमान में सड़क मार्ग से दिल्ली से ऋषिकेश पहुंचने में कई घंटे लग जाते हैं, लेकिन हाई-स्पीड क्षेत्रीय रेल नेटवर्क के विस्तार से यात्रा अधिक तेज, सुरक्षित और आरामदायक होने की उम्मीद है।

परियोजना के तहत आधुनिक स्टेशन, अत्याधुनिक ट्रैक प्रणाली और तेज गति वाली ट्रेनों का संचालन प्रस्तावित है। इससे न केवल पर्यटकों और श्रद्धालुओं को लाभ मिलेगा, बल्कि रोजाना यात्रा करने वाले लोगों और स्थानीय व्यापार को भी नई गति मिलेगी। चारधाम यात्रा मार्ग से जुड़े क्षेत्रों तक पहुंच आसान होने से पर्यटन उद्योग को भी बड़ा फायदा होने की संभावना है।

विशेषज्ञों का मानना है कि नमो भारत नेटवर्क का विस्तार उत्तर भारत में क्षेत्रीय संपर्क को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा। दिल्ली, मेरठ, देहरादून और ऋषिकेश जैसे शहरों के बीच तेज परिवहन सुविधा विकसित होने से आर्थिक गतिविधियों और निवेश को भी बढ़ावा मिल सकता है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.