नई दिल्ली, 15 जून् 2026 । टेलीविजन इंडस्ट्री से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। ‘कुमकुम भाग्य’ में अपने अभिनय से पहचान बनाने वाली अभिनेत्री संचिता उगले के कथित तौर पर आत्महत्या करने की खबर ने मनोरंजन जगत को स्तब्ध कर दिया है। शुरुआती रिपोर्टों के अनुसार, अभिनेत्री अपने मुंबई स्थित आवास पर मृत पाई गईं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और मौत के कारणों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह घटना नालासोपारा पूर्व के आचोले गांव स्थित साई संतोषी बिल्डिंग में उनके घर पर हुई। आचोले पुलिस स्टेशन के सहायक पुलिस निरीक्षक विनोद बाघ ने बताया कि सांचिता ने शाम करीब 7 बजे से 7:30 बजे के बीच अपने कमरे का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया था। आरोप है कि उन्होंने साड़ी की मदद से छत के पंखे से फांसी लगा ली। रिपोर्ट्स के मुताबिक, संचिता उगले ‘कुमकुम भाग्य’, ‘वागले की दुनिया’ और अन्य टीवी प्रोजेक्ट्स में काम कर चुकी थीं। उनके निधन की खबर सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर प्रशंसक और मनोरंजन जगत से जुड़े कलाकार शोक व्यक्त कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि उनकी अंतिम सोशल मीडिया पोस्ट भी अब चर्चा का विषय बनी हुई है।
पुलिस ने मामले में जांच प्रक्रिया शुरू कर दी है। कुछ मीडिया रिपोर्टों में आत्महत्या की आशंका जताई गई है, हालांकि अधिकारियों की ओर से विस्तृत आधिकारिक जानकारी का इंतजार किया जा रहा है। फिलहाल मौत के पीछे की वजह को लेकर कोई अंतिम निष्कर्ष सामने नहीं आया है।
संचिता उगले को एक उभरती हुई कलाकार के रूप में देखा जाता था और उनके अचानक निधन ने टीवी इंडस्ट्री में शोक की लहर पैदा कर दी है। सहकर्मी कलाकारों और प्रशंसकों ने उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त की हैं।