पंजाब , 13 जून् 2026 । चंडीगढ़ में दिनदहाड़े हुई गोलीबारी की सनसनीखेज घटना ने शहर की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जानकारी के अनुसार, अज्ञात हमलावरों ने एक मेडिकल स्टोर को निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। अचानक हुई गोलियों की बौछार से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और आसपास मौजूद लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
जानकारी के अनुसार चंडीगढ़ में आज दोपहर करीब 2:30 बजे एक्टिवा पर सवार 2 युवक PGI के नजदीक स्थित कुमार मेडिकल स्टोर के बाहर पहुंचे। आरोपियों के पास ऑटोमेटिक हथियार थे। इस दौरान 2 बदमाश ग्राहक बनकर स्टोर के अंदर आए जिन्होंने मुंह पर मास्क लगा रखा था। बदमाशों ने दुकान के अंदर ही गन को लोड किया और आते ही दुकान पर ताबड़तोड़ गोलियां चलानी शुरू कर दीं। बताया जा रहा है कि, दोनों के हाथों में ऑटोमैटिक गन थी लेकिन फायरिंग सिर्फ एक ने ही की। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हमलावरों ने करीब 7 राउंड फायरिंग की और कुछ ही सेकंड में मौके से फरार हो गए।
इस फायरिंग की घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर पूरे मार्केट क्षेत्र को सील कर लिया और जांच शुरू कर दी। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि, पुलिस रंगदारी के एंगल से देख रही है। सूत्रों के मुताबिक उक्त मार्केट में स्थित एक अन्य मेडिकल स्टोर के मालिक को गैंगस्टर गोल्डी बराड़ गैंग की ओर से धमकियां मिल चुकी थीं। इस धमकी मिलने के बाद से मेडिकल स्टोर के मालिक को सुरक्षा मुहैया करवाई गई थी। हालांकि पुलिस ने किसी गैंग की संलिप्तता की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हमलावर वाहन से पहुंचे और मेडिकल स्टोर के बाहर पहुंचते ही फायरिंग शुरू कर दी। कुछ ही सेकंड में कई राउंड गोलियां चलाई गईं, जिससे मौके पर मौजूद लोग घबरा गए। इस हमले में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि कुछ अन्य के घायल होने की भी सूचना है। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई। पूरे इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी गई है। घटनास्थल से गोलियों के खोखे बरामद किए गए हैं और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस हमलावरों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी के लिए कई टीमों को सक्रिय कर चुकी है।
प्रारंभिक जांच में पुलिस व्यक्तिगत रंजिश, गैंगवार और आपराधिक विवाद सहित विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। हालांकि अभी तक हमले के पीछे की सटीक वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। अधिकारियों का कहना है कि सभी संभावित एंगल से मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने का दावा किया गया है।
दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने स्थानीय लोगों में डर का माहौल पैदा कर दिया है। व्यापारियों और निवासियों ने शहर में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की मांग की है। पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और जांच में सहयोग करने की अपील की है।