उत्तराखंड , 03 जून् 2026 । हरिद्वार-दिल्ली हाईवे पर उस समय हड़कंप मच गया जब यात्रियों से भरी एक वोल्वो बस अचानक आग की चपेट में आ गई। देखते ही देखते बस आग के गोले में तब्दील हो गई और मौके पर चीख-पुकार मच गई। बस में करीब 32 यात्री सवार बताए जा रहे थे, जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, महालक्ष्मी फिलिप्स वोल्वो बस आज सुबह करीब चार बजे देहरादून से ऋषिकेश होते हुए दिल्ली और जयपुर की ओर जा रही थी। बस जब क्रिस्टल वर्ल्ड से आगे पुलिस चौकी शांतारशाह से लगभग 200 मीटर पहले हरिद्वार-दिल्ली रोड पर पहुंची, तभी तकनीकी खराबी के कारण उसमें अचानक आग लग गई। बस में आग लगते ही चालक अरुण कुमार निवासी उदयपुर और परिचालक रिंकू पुत्र लाल सिंह निवासी कंचनपुर, धौलपुर (राजस्थान) ने तत्परता दिखाते हुए सभी यात्रियों को तत्काल बस से बाहर निकाला। बस में कुल 32 यात्री सवार थे, जिनमें दो विदेशी नागरिक भी शामिल थे।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग और स्थानीय पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं। राहत की बात यह रही कि समय रहते सभी यात्रियों को बस से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। हालांकि बस पूरी तरह जलकर क्षतिग्रस्त हो गई।
अधिकारियों के अनुसार, आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक आशंका तकनीकी खराबी या शॉर्ट सर्किट की जताई जा रही है, लेकिन वास्तविक कारण जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। पुलिस ने भी मामले की जांच शुरू कर दी है।
हादसे के बाद हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। प्रशासन ने लोगों से वाहन चलाते समय सुरक्षा मानकों का पालन करने और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत संबंधित एजेंसियों को सूचना देने की अपील की है।
यह घटना एक बार फिर सार्वजनिक परिवहन वाहनों में नियमित तकनीकी जांच और सुरक्षा व्यवस्था की आवश्यकता को रेखांकित करती है। यात्रियों की सतर्कता और चालक की त्वरित सूझबूझ के कारण इस हादसे में बड़ी जनहानि टल गई।