हरियाणा , 26 मई 2026 । हरियाणा के यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। राज्य में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को आधुनिक और पर्यावरण अनुकूल बनाने की दिशा में सरकार जल्द 80 नई इलेक्ट्रिक बसों की शुरुआत करने जा रही है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी इन बसों को हरी झंडी दिखाकर सेवा की औपचारिक शुरुआत करेंगे।
बता दें कि नई इलेक्ट्रिक बसें पानीपत, सोनीपत, यमुनानगर, अंबाला, करनाल और रोहतक सहित कई जिलों में चलाई जाएंगी। इन बसों के शुरू होने से यात्रियों को भीषण गर्मी में एसी सुविधा के साथ आरामदायक सफर मिलेगा। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों और हजारों छात्र-छात्राओं को सीधा लाभ पहुंचेगा। JBM Group के इंजीनियर प्रतीक ने बताया कि 28 जून से हरियाणा में कुल 80 इलेक्ट्रिक बसों का संचालन शुरू किया जाएगा। ये बसें पानीपत, सोनीपत, यमुनानगर, अंबाला, करनाल और रोहतक सहित कई जिलों में चलेंगी।
सरकार का कहना है कि इलेक्ट्रिक बसों के संचालन से यात्रियों को आरामदायक, सुरक्षित और प्रदूषण मुक्त यात्रा का अनुभव मिलेगा। इसके साथ ही डीजल आधारित वाहनों पर निर्भरता कम होगी और पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा। नई बसों में आधुनिक सुविधाएं, बेहतर सीटिंग व्यवस्था, GPS ट्रैकिंग, CCTV कैमरे और डिजिटल टिकटिंग जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकती हैं।
सूत्रों के मुताबिक, इन इलेक्ट्रिक बसों को शुरुआती चरण में प्रमुख शहरों और व्यस्त रूटों पर चलाया जाएगा ताकि अधिक से अधिक यात्रियों को इसका लाभ मिल सके। सरकार का लक्ष्य आने वाले समय में हरियाणा के सार्वजनिक परिवहन नेटवर्क को पूरी तरह आधुनिक और तकनीक आधारित बनाना है।
मुख्यमंत्री सैनी लगातार हरित ऊर्जा और स्मार्ट ट्रांसपोर्ट सिस्टम को बढ़ावा देने पर जोर दे रहे हैं। माना जा रहा है कि इलेक्ट्रिक बस सेवा राज्य में प्रदूषण कम करने और ईंधन खर्च घटाने की दिशा में बड़ा कदम साबित होगी। इसके साथ ही यात्रियों को बेहतर कनेक्टिविटी और सुविधाजनक सफर उपलब्ध कराने पर भी सरकार का फोकस रहेगा।
परिवहन विभाग और प्रशासनिक अधिकारियों ने लॉन्च कार्यक्रम की तैयारियां शुरू कर दी हैं। इस पहल को हरियाणा के शहरी परिवहन सिस्टम में बड़ा बदलाव माना जा रहा है।