पटना नगर निगम का बड़ा फैसला: ‘एक करोड़ पार्षद निधि योजना 3.0’ की दूसरी किस्त में 30.10 करोड़ रुपए जारी

0

पटना, 19 मई 2026 । पटना नगर निगम ने शहर के विकास कार्यों को गति देने के लिए ‘एक करोड़ पार्षद निधि योजना 3.0’ के तहत दूसरी किस्त जारी कर दी है। नगर निगम प्रशासन द्वारा कुल 30.10 करोड़ रुपए की राशि जारी की गई है, जिससे राजधानी पटना के विभिन्न वार्डों में आधारभूत सुविधाओं से जुड़े विकास कार्य तेजी से पूरे किए जा सकेंगे।

राशि के निर्बाध प्रवाह की वजह से योजना के अंतर्गत चल रही परियोजनाएं शीघ्र पूर्ण होने वाली हैं। वर्तमान में योजना के तहत पटना नगर निगम के सभी छह प्रमंडलों में कुल 911 विकास योजनाओं पर कार्य किया जा रहा है। इनमें अजीमाबाद प्रमंडल में 143, बांकीपुर में 135, कंकड़बाग में 151, नूतन राजधानी में 185, पटना सिटी में 90 तथा पाटलिपुत्र प्रमंडल में सर्वाधिक 207 योजनाएं शामिल हैं। इन योजनाओं के पूर्ण होने से शहर के विभिन्न वाडरं में नागरिक सुविधाओं का विस्तार होगा और आम लोगों को स्थानीय समस्याओं से राहत मिलेगी।

इस योजना का उद्देश्य स्थानीय स्तर पर नागरिक सुविधाओं को मजबूत करना और पार्षदों को अपने-अपने वार्डों की आवश्यकताओं के अनुसार विकास कार्य कराने के लिए वित्तीय सहायता उपलब्ध कराना है। जारी की गई राशि से सड़क निर्माण, नाली मरम्मत, स्ट्रीट लाइट, पेयजल व्यवस्था, सामुदायिक भवन, पार्क सौंदर्यीकरण और स्वच्छता संबंधी परियोजनाओं पर काम किया जाएगा।

नगर निगम अधिकारियों के अनुसार, योजना 3.0 के तहत प्रत्येक पार्षद को विकास कार्यों के लिए निर्धारित फंड उपलब्ध कराया जा रहा है, ताकि वार्ड स्तर पर लंबित समस्याओं का तेजी से समाधान हो सके। दूसरी किस्त जारी होने के बाद कई विकास परियोजनाओं को नई रफ्तार मिलने की उम्मीद है।

नगर निगम प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि राशि के उपयोग में पारदर्शिता और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए निगरानी तंत्र को मजबूत किया जाएगा। सभी पार्षदों को तय मानकों के अनुसार योजनाओं को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही कार्यों की नियमित समीक्षा भी की जाएगी ताकि जनता को जल्द लाभ मिल सके।

शहर के लोगों का मानना है कि इस योजना से पटना में बुनियादी ढांचे में सुधार होगा और वार्ड स्तर पर लंबे समय से चली आ रही समस्याओं का समाधान संभव हो पाएगा। खासतौर पर जलनिकासी, सड़क और सफाई व्यवस्था को लेकर नागरिकों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.