पेंशनधारकों के लिए बड़ा अलर्ट, समय पर जीवन प्रमाण पत्र जमा नहीं किया तो रुक सकती है पेंशन
नई दिल्ली, 15 मई 2026 । देशभर के पेंशनधारकों के लिए महत्वपूर्ण सूचना सामने आई है। केंद्र और राज्य सरकारों के तहत पेंशन प्राप्त करने वाले बुजुर्गों को समय पर जीवन प्रमाण पत्र (Life Certificate) जमा करना अनिवार्य है। यदि तय समय सीमा के भीतर यह प्रक्रिया पूरी नहीं की जाती, तो पेंशन भुगतान अस्थायी रूप से रोका जा सकता है।
ई.पी.एफ.ओ. ने यह भी कहा कि कई मामलों में पेंशनर की मृत्यु के बाद परिवार की ओर से समय पर सूचना नहीं दी जाती, जिससे विधवा या परिवार के अन्य सदस्यों को पेंशन लेने में परेशानी और देरी का सामना करना पड़ता है। इसी के साथ बताया कि अब पेंशनर घर बैठे मोबाइल फोन के जरिए भी आधार फेस रिकॉग्निशन तकनीक से डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र जमा कर सकते हैं। इसके लिए गूगल प्ले स्टोर से “ आधार फेस आर.डी ” और “जीवन प्रमाण ” ऐप डाउनलोड करनी होगी।
सरकारी नियमों के अनुसार पेंशन पाने वाले प्रत्येक व्यक्ति को यह प्रमाणित करना होता है कि वह जीवित है और पेंशन का लाभ लेने के लिए पात्र है। इसी प्रक्रिया को जीवन प्रमाण पत्र कहा जाता है। यह दस्तावेज हर साल जमा करना जरूरी होता है, ताकि फर्जी भुगतान और गलत खातों में पेंशन ट्रांसफर जैसी समस्याओं को रोका जा सके।
पेंशनधारक अब डिजिटल माध्यम से भी जीवन प्रमाण पत्र जमा कर सकते हैं। सरकार ने “जीवन प्रमाण” डिजिटल सेवा के जरिए घर बैठे ऑनलाइन सत्यापन की सुविधा उपलब्ध कराई है। इसके अलावा बैंक शाखा, कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) और डाक विभाग के माध्यम से भी यह प्रक्रिया पूरी की जा सकती है।
वरिष्ठ नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कई बैंकों ने डोरस्टेप सर्विस भी शुरू की है, जिसके तहत बैंक कर्मचारी घर जाकर जीवन प्रमाण पत्र सत्यापित करते हैं। इससे बुजुर्गों को लंबी कतारों और बार-बार बैंक जाने की परेशानी से राहत मिल रही है।
विशेषज्ञों का कहना है कि समय पर Life Certificate जमा नहीं करने पर पेंशन खाते में भुगतान रोक दिया जाता है। हालांकि बाद में दस्तावेज जमा करने पर सत्यापन के बाद पेंशन दोबारा शुरू की जा सकती है। इसलिए पेंशनधारकों को अंतिम तारीख का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी गई है।
सरकार लगातार डिजिटल सेवाओं को बढ़ावा देकर पेंशन प्रक्रिया को आसान और पारदर्शी बनाने की दिशा में काम कर रही है। ऐसे में पेंशनभोगियों को समय-समय पर जारी दिशा-निर्देशों और बैंक की सूचना पर नजर बनाए रखने की जरूरत है।