नोएडा एयरपोर्ट से उड़ानों का इंतजार खत्म, IndiGo ने शुरू की टिकट बुकिंग, जानिए किराया और शुरुआती रूट

0

नई दिल्ली/ नोएडा , 08 मई 2026 । दिल्ली-NCR के लोगों के लिए एक शानदार खबर है। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से जल्द ही कमर्शियल फ्लाइट ऑपरेशन शुरू होने जा रहे हैं और इसी के साथ इंडिगो ने टिकट बुकिंग भी शुरू कर दी है। लंबे समय से इंतजार कर रहे यात्रियों के लिए यह बड़ी खबर मानी जा रही है। रिपोर्ट्स के मुताबिक एयरपोर्ट से पहली कमर्शियल उड़ान 15 जून 2026 से शुरू हो सकती है।

जानकारी के अनुसार, शुरुआती उड़ानों में लखनऊ-नोएडा-बेंगलुरु रूट शामिल रहेगा। IndiGo की पहली फ्लाइट Lucknow से उड़ान भरकर नोएडा पहुंचेगी और वहां से Bengaluru के लिए रवाना होगी। इसके अलावा शुरुआती चरण में हैदराबाद, जयपुर, चंडीगढ़, श्रीनगर, अमृतसर, जम्मू और पंतनगर समेत 16 से अधिक घरेलू शहरों को जोड़ने की योजना है।

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के रनवे पर उतरने वाली पहली फ्लाइट लखनऊ से आने की संभावना है। शुरुआती परिचालन के लिए इंडिगो ने 6E 2278 और 6E 2279 जैसे नंबर तय किए हैं। बता दें कि 15 जून को स्पेशल उड़ानें लखनऊ-नोएडा-बेंगलुरु-नोएडा-लखनऊ रूट पर संचालित होंगी। इसके तुरंत बाद अन्य शहरों के लिए रेगुलर सर्विस शुरू कर दी जाएगी। इंडिगो के बुकिंग सिस्टम और मोबाइल ऐप पर अब नोएडा एयरपोर्ट का आधिकारिक IATA कोड DXN दिखाई देने लगा है। इसका मतलब है कि अब यात्री अपनी यात्रा की योजना बना सकते हैं और सीटें सुरक्षित कर सकते हैं।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, बेंगलुरु रूट के लिए शुरुआती किराया करीब ₹14,500 से शुरू हो रहा है, हालांकि टिकट की उपलब्धता और बुकिंग समय के अनुसार किराए में बदलाव संभव है। कुछ रिपोर्ट्स में शुरुआती किराया ₹10,000 के आसपास बताए जाने की भी चर्चा है।

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का IATA कोड “DXN” अब लाइव हो चुका है और यात्री एयरलाइन की वेबसाइट एवं मोबाइल ऐप के जरिए टिकट बुक कर सकते हैं। यह एयरपोर्ट Noida और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के यात्रियों के लिए बड़ी राहत माना जा रहा है, क्योंकि इससे इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर दबाव कम होने की उम्मीद है। विशेषज्ञों का मानना है कि जेवर एयरपोर्ट शुरू होने से दिल्ली-NCR की एयर कनेक्टिविटी को नई मजबूती मिलेगी और आने वाले समय में यहां से अंतरराष्ट्रीय उड़ानें भी शुरू की जा सकती हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.