पंजाब में चुनावी तैयारी तेज: कांग्रेस ने कई जिलों में ऑब्जर्वर नियुक्त किए
पंजाब , 05 मई 2026 । पंजाब में आगामी चुनावों को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस ने बड़ा कदम उठाते हुए राज्य के कई जिलों में ऑब्जर्वर (पर्यवेक्षक) नियुक्त कर दिए हैं, ताकि संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत किया जा सके। पंजाब कांग्रेस प्रधान अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग की मंजूरी के बाद अलग-अलग जिलों और शहरों के लिए ऑब्जर्वर नियुक्त किए गए हैं, जिससे राजनीतिक हलचल तेज हो गई है।
आधिकारिक आदेशों में यह साफ किया गया है कि ये सभी ऑब्जर्वर संबंधित सांसदों, विधानसभा क्षेत्रों के उम्मीदवारों, जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्षों और ब्लॉक स्तर के नेताओं के साथ मीटिंग करेंगे। उनकी मुख्य जिम्मेदारी चुनाव की तैयारियों का रिव्यू करना, योग्य उम्मीदवारों की स्क्रीनिंग करना और पूरे चुनाव प्रोसेस पर नजर रखना होगा। इसके साथ ही, ऑब्जर्वर को निर्देश दिया गया है कि वे अपने-अपने तय इलाकों में जाकर जमीनी हकीकत समझें और पार्टी कार्यकर्ताओं से संपर्क करके उनसे फीडबैक भी लें। यह पूरी रिपोर्ट 12 मई तक PPCC ऑफिस में जमा करनी होगी।
पार्टी सूत्रों के अनुसार, इन ऑब्जर्वर्स की जिम्मेदारी होगी कि वे जिलों में संगठनात्मक ढांचे की समीक्षा करें, कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय स्थापित करें और चुनावी रणनीति को प्रभावी ढंग से लागू करवाएं। इसके अलावा, उम्मीदवार चयन प्रक्रिया में भी उनकी अहम भूमिका मानी जा रही है।
कांग्रेस नेतृत्व का मानना है कि समय रहते संगठन को सक्रिय और व्यवस्थित करना बेहद जरूरी है, ताकि चुनाव के दौरान किसी भी तरह की कमजोरी सामने न आए। ऑब्जर्वर्स को यह भी निर्देश दिए गए हैं कि वे स्थानीय मुद्दों और जनता की समस्याओं को समझकर पार्टी हाईकमान तक पहुंचाएं।
राजनीतिक विश्लेषकों के मुताबिक, यह कदम कांग्रेस की चुनावी रणनीति का हिस्सा है, जिसके जरिए पार्टी जमीनी पकड़ मजबूत करने और कार्यकर्ताओं में ऊर्जा भरने की कोशिश कर रही है।