अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शिकंजा—कुख्यात गैंगस्टर साहिल चौहान की गिरफ्तारी से अपराध जगत में हड़कंप

0

हरियाणा ,  11 अप्रैल 2026 । हरियाणा के कुख्यात गैंगस्टर साहिल चौहान को थाईलैंड से गिरफ्तार कर लिया गया है और उसे आज भारत लाया जा रहा है। यह गिरफ्तारी अंतरराष्ट्रीय सहयोग और भारतीय एजेंसियों की सक्रियता का बड़ा उदाहरण मानी जा रही है। लंबे समय से फरार चल रहे इस आरोपी की तलाश में सुरक्षा एजेंसियां लगातार प्रयासरत थीं।

पुलिस के मुताबिक आरोपी गुरुग्राम के रहने वाले कौशल चौधरी गैंग से भी जुड़ा हुआ गैंगस्टर है। उसने विदेश में बैठकर कांट्रैक्ट किलिंग करवाई हैं। सेंट्रल एजेंसियां और एसटीएफ ने विदेश में उसे डिटेन किया था। साहिल चौहान लंबे समय से फरार चल रहा था और थाईलैंड में छिपा हुआ था। पुलिस के मुताबिक उसने कई गंभीर अपराधों को अंजाम देने के लिए विदेश से ऑपरेट करता था।

सूत्रों के मुताबिक, साहिल चौहान कई गंभीर आपराधिक मामलों में वांछित था, जिनमें हत्या, रंगदारी और गैंगवार जैसी घटनाएं शामिल हैं। गिरफ्तारी के लिए भारतीय एजेंसियों ने इंटरपोल और थाईलैंड की स्थानीय पुलिस के साथ समन्वय स्थापित किया, जिसके बाद उसे ट्रेस कर पकड़ा गया।

बताया जा रहा है कि गिरफ्तारी के बाद सभी कानूनी प्रक्रियाएं पूरी कर ली गई हैं और आज उसे भारत लाकर संबंधित एजेंसियों के हवाले किया जाएगा। भारत पहुंचने के बाद उससे कई बड़े आपराधिक मामलों को लेकर पूछताछ की जाएगी, जिससे गैंग नेटवर्क और उसके सहयोगियों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिलने की संभावना है।

इस कार्रवाई को हरियाणा पुलिस के लिए बड़ी सफलता माना जा रहा है। विशेषज्ञों का कहना है कि इस गिरफ्तारी से न केवल अपराधियों के मन में डर पैदा होगा, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भागने वाले अपराधियों के लिए भी यह कड़ा संदेश है कि कानून के हाथ लंबे होते हैं।

गौरतलब है कि हाल के वर्षों में कई अपराधी विदेश भागकर कानून से बचने की कोशिश करते हैं, लेकिन इस तरह की सटीक और तेज कार्रवाई से यह स्पष्ट हो गया है कि सुरक्षा एजेंसियां अब ऐसे मामलों में और ज्यादा सतर्क और प्रभावी हो गई हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.