नई दिल्ली , पटना, 28 नवंबर 2026 । बिहार के पूर्व सांसद आनंद मोहन की समयपूर्व रिहाई को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने बड़ा फैसला सुनाया है। शीर्ष अदालत ने बिहार सरकार के उस फैसले को रद्द कर दिया है, जिसके तहत अप्रैल 2023 में आनंद मोहन को जेल से समय से पहले रिहा किया गया था। अदालत ने उन्हें एक महीने के भीतर संबंधित जेल अधिकारियों के सामने आत्मसमर्पण करने का निर्देश दिया है।
सुप्रीम कोर्ट की न्यायमूर्ति दीपांकर दत्ता और न्यायमूर्ति शील नागू की पीठ ने बिहार सरकार के 10 अप्रैल 2023 के उस संशोधन को असंवैधानिक करार दिया, जिसने ड्यूटी पर तैनात लोक सेवक की हत्या के दोषियों को समयपूर्व रिहाई से बाहर रखने वाली पाबंदी हटा दी थी।
क्यों रद्द हुई आनंद मोहन की रिहाई?
यह पूरा मामला 1994 में गोपालगंज के तत्कालीन जिलाधिकारी और आईएएस अधिकारी जी. कृष्णैया की हत्या से जुड़ा है। दिसंबर 1994 में मुजफ्फरपुर में एक भीड़ ने कृष्णैया की हत्या कर दी थी। उस समय आनंद मोहन विधायक थे और उन पर भीड़ को उकसाने का आरोप साबित हुआ था।
इस मामले में पटना हाईकोर्ट ने 2007 में आनंद मोहन को मौत की सजा सुनाई थी। बाद में 2008 में सुप्रीम कोर्ट ने उनकी सजा को उम्रकैद में बदल दिया था।
अप्रैल 2023 में बिहार सरकार ने जेल मैनुअल में बदलाव किया और इसके बाद आनंद मोहन को समयपूर्व रिहाई मिल गई थी। इस फैसले को जी. कृष्णैया की पत्नी उमा कृष्णैया ने सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी थी।
सुप्रीम कोर्ट ने क्या कहा?
अदालत ने कहा कि बिहार सरकार 2023 में किए गए नियमों के बदलाव के पीछे कोई उचित और वैध सार्वजनिक उद्देश्य साबित नहीं कर सकी। पीठ ने इस संशोधन को मनमाना और संविधान के अनुच्छेद 14 के खिलाफ बताया।
अदालत ने यह भी स्पष्ट किया कि किसी दोषी को सजा में छूट देने से पहले पीड़ित परिवार या उसके कानूनी प्रतिनिधियों को अपनी बात रखने का उचित अवसर दिया जाना चाहिए।
क्या दोबारा मिल सकती है रिहाई?
सुप्रीम कोर्ट ने स्पष्ट किया है कि आनंद मोहन के जेल लौटने या हिरासत में लिए जाने के बाद बिहार सरकार कानून के अनुसार समयपूर्व रिहाई की नई प्रक्रिया शुरू करने पर विचार कर सकती है। हालांकि, इसके लिए अदालत के निर्देशों और पीड़ित परिवार को सुनवाई का अवसर देने की शर्तों का पालन करना होगा।
फिलहाल अदालत के आदेश के मुताबिक आनंद मोहन को एक महीने के भीतर जेल अधिकारियों के सामने आत्मसमर्पण करना होगा। इस फैसले के बाद बिहार की राजनीति और कानूनी गलियारों में इस मामले को लेकर चर्चा तेज हो गई है।