हरिद्वार में दौड़ेगी पॉड टैक्सी, धामी सरकार की ‘हरिद्वार दर्शन’ परियोजना को मंजूरी

21.08 किलोमीटर लंबे ट्रैक पर बनेंगे 3 कॉरिडोर और 21 स्टेशन, हरिद्वार के स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं को जाम से राहत देने की तैयारी।

0

हरिद्वार, उत्तराखंड, 28 नवम्बर 2026| धर्मनगरी हरिद्वार में यातायात व्यवस्था को आधुनिक बनाने और श्रद्धालुओं को जाम से राहत दिलाने के लिए उत्तराखंड सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में हुई राज्य कैबिनेट बैठक में ‘हरिद्वार दर्शन’ नामक पॉड टैक्सी परियोजना को मंजूरी दे दी गई है। यह परियोजना पर्सनल रैपिड ट्रांजिट (PRT) सिस्टम पर आधारित होगी।

प्रस्तावित योजना के तहत कुल 21.08 किलोमीटर लंबा ट्रैक विकसित किया जाएगा, जिसमें तीन कॉरिडोर और 21 स्टेशन शामिल होंगे।

परियोजना का पहला और सबसे लंबा कॉरिडोर सीतापुर से भारत माता मंदिर तक 15.58 किलोमीटर का होगा, जिस पर 15 स्टेशन बनाए जाएंगे। दूसरा कॉरिडोर सिटी हॉस्पिटल से दक्ष मंदिर तक 3.10 किलोमीटर लंबा होगा और इसमें चार स्टेशन होंगे। तीसरा कॉरिडोर गणेशपुरम से डीएवी स्कूल तक 2.40 किलोमीटर का होगा, जिस पर दो स्टेशन प्रस्तावित हैं।

परियोजना के लिए लगभग 6.96 हेक्टेयर भूमि की आवश्यकता होगी। इसमें सरकारी और निजी दोनों तरह की जमीन शामिल है। निर्माण सामग्री और मशीनरी के लिए सीतापुर में प्रस्तावित डिपो के पास दो हेक्टेयर अस्थायी भूमि भी चिह्नित की गई है।

इस परियोजना का उद्देश्य स्थानीय नागरिकों के साथ-साथ देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं का सफर आसान बनाना है। हालांकि, कैबिनेट की मंजूरी के बाद निर्माण और संचालन की प्रक्रिया के अगले चरण पूरे होने बाकी हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.