सहायक अध्यापक चयन परीक्षा-2026 को जनपद में निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने की व्यापक तैयारियां

अपर जिलाधिकारी न्यायिक की अध्यक्षता में तैयारियों की समीक्षा बैठक संपन्न हुई, सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टेटिक मजिस्ट्रेट एवं केंद्र व्यवस्थापकों को दिए आवश्यक निर्देश

0

गौतमबुद्धनगर 28 नवंबर, 2026| उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग, प्रयागराज के निर्देशों के क्रम में जनपद गौतमबुद्धनगर में सहायक अध्यापक (शहरी), प्राइमरी, बेसिक शिक्षा विभाग तथा सहायक अध्यापक सम्बद्ध प्राइमरी (अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालय) की चयन परीक्षा को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण, सुचारू एवं शुचितापूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से अपर जिलाधिकारी न्यायिक प्रियंका की अध्यक्षता में शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक संपन्न हुई। बैठक में परीक्षा की तैयारियों एवं व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए अपर जिलाधिकारी न्यायिक ने सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टेटिक मजिस्ट्रेट एवं केंद्र व्यवस्थापकों को आपसी समन्वय के साथ परीक्षा की सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूर्ण कराने के निर्देश दिए।

उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 03 दिसंबर 2026 को जनपद के 14 परीक्षा केंद्रों पर लिखित परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जाएगी। प्रथम पाली की परीक्षा पूर्वाह्न 09:30 बजे से 11:30 बजे तक तथा द्वितीय पाली की परीक्षा अपराह्न 02:30 बजे से 04:30 बजे तक संपन्न होगी। दोनों पालियों की परीक्षा की अवधि 120-120 मिनट निर्धारित की गई है।

अपर जिलाधिकारी न्यायिक ने निर्देशित किया कि परीक्षा को निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं स्टेटिक मजिस्ट्रेट द्वारा अपने-अपने दायित्व का शत् प्रतिशत निर्वहन किया जाए। सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं स्टेटिक मजिस्ट्रेट अपने आवंटित परीक्षा केंद्रों पर केंद्र व्यवस्थापकों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए परीक्षा से पूर्व केंद्र का भ्रमण करेंगे तथा कक्ष निरीक्षकों के साथ बैठक कर परीक्षा से संबंधित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित कराएंगे।

अपर जिलाधिकारी न्यायिक ने परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी, अभ्यर्थियों की प्रवेश प्रक्रिया, सघन तलाशी, बैठने की व्यवस्था, पेयजल, शौचालय एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा एवं निगरानी के पर्याप्त इंतजाम रहें तथा आयोग द्वारा निर्धारित नियमों और प्रक्रियाओं का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि परीक्षा की शुचिता एवं पारदर्शिता बनी रहे।

इसके साथ ही सेक्टर एवं स्टेटिक मजिस्ट्रेट को परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने के वैकल्पिक मार्गों की जानकारी पहले से प्राप्त करने तथा परीक्षा केंद्रों पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए। अपर जिलाधिकारी न्यायिक ने कहा कि परीक्षा के आयोजन में किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो और सभी अधिकारी आपसी समन्वय के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें, जिससे परीक्षा निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार सुचारू एवं व्यवस्थित वातावरण में संपन्न हो सके।

बैठक में कार्यकारी संस्था से जितेन्द्र त्यागी द्वारा बैठक में उपस्थित समस्त सेक्टर मजिस्ट्रेट तथा केंद्र व्यवस्थापकों को शासन की मंशा के अनुरूप परीक्षा संपन्न कराने की विस्तार पूर्वक जानकारी उपलब्ध कराई।

बैठक में सम्बंधित सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टेटिक मजिस्ट्रेट एवं केंद्र व्यवस्थापकों उपस्थित रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.