नई दिल्ली, 26 नवंबर 2026। दिल्ली के चिड़ियाघर में करीब दो सप्ताह से एक आवारा कुत्ते की तलाश की जा रही है। यह कुत्ता मुख्य द्वार से परिसर में घुसा और इसकी मौजूदगी से चिड़ियाघर के अन्य जानवरों की सुरक्षा को खतरा पैदा हो गया है।
अधिकारियों के मुताबिक, कुत्ता 12 नवंबर को चिड़ियाघर में दाखिल हुआ था और इसकी तस्वीर सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हुई थी। उसे पकड़ने के लिए विभिन्न स्थानों पर पिंजरे और जाल लगाए गए हैं, लेकिन 176 एकड़ में फैले चिड़ियाघर में घनी वनस्पति और जानवरों के बाड़ों की वजह से तलाशी अभियान में मुश्किल आ रही है।
एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि कई टीमें कुत्ते की लगातार तलाश कर रही हैं। हर शाम सात से आठ अतिरिक्त सुरक्षाकर्मी तैनात किए जा रहे हैं, जो विशेष रूप से जानवरों के बाड़ों और उस स्थान के आसपास गश्त करते हैं, जहां कुत्ता आखिरी बार देखा गया था। प्रवेश द्वारों और बाड़ों के आसपास भी सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
कुत्ते को पकड़ने में हो रही देरी से चिंता बढ़ गई है, क्योंकि चिड़ियाघर में पहले भी ऐसी घटनाओं में हिरणों की मौत हो चुकी है। वर्ष 2022 में आवारा कुत्तों को देखकर घबराए तीन हिरणों, जिनमें दो हॉग हिरण और एक सीका हिरण शामिल था, की मौत हो गई थी। वर्ष 2012 में भी आवारा कुत्तों के चिड़ियाघर में घुसने के बाद चार चिंकारा मारे गए थे।
अधिकारी ने बताया कि 2022 की घटना के बाद आवारा कुत्तों को रोकने के लिए चिड़ियाघर की चारदीवारी के कुछ हिस्सों को ऊंचा और मजबूत किया गया था। चिड़ियाघर ने हाल ही में परिसर में निगरानी मजबूत करने के लिए करीब 488 सीसीटीवी कैमरे लगाने का टेंडर भी जारी किया है।
विशेषज्ञों के अनुसार, कुत्ते जैसे शिकारी जानवरों को देखकर हिरणों में अत्यधिक डर पैदा हो सकता है। इससे वे जान बचाने के लिए लगातार भागते हैं और उनकी मांसपेशियों को गंभीर नुकसान पहुंच सकता है। इस स्थिति को ‘एक्सर्शनल मायोपैथी’ कहा जाता है, जो गंभीर मामलों में हिरणों की मौत का कारण भी बन सकती है।
इस साल जनवरी में प्रकाशित एक वैज्ञानिक अध्ययन में इस स्थिति के प्रभावों का आकलन किया गया था। नानाजी देशमुख पशु चिकित्सा विज्ञान विश्वविद्यालय, जबलपुर और मध्य प्रदेश वन विभाग के शोधकर्ताओं ने 26 चीतल और सात काकड़ हिरणों के रक्त के नमूनों का अध्ययन किया था। ये हिरण पीछा किए जाने, कुत्तों के काटने या पकड़ने के दौरान शारीरिक तनाव से गुजरे थे।
अध्ययन में पाया गया कि इस स्थिति से प्रभावित चीतलों में मांसपेशियों को नुकसान पहुंचने का संकेत देने वाले क्रिएटिन काइनेज एंजाइम का स्तर सामान्य हिरणों की तुलना में करीब दोगुना था।
साभार: वेब वार्ता