नई दिल्ली, 25 नवंबर 2026। भारत के पूर्व तेज गेंदबाज जहीर खान की एंकर स्पोटर्स एबी और जर्मन क्रिकेट महासंघ मिश्रित लिंग टी20 टूर्नामेंट ‘इक्वल’ शुरू करेंगे जिसमें पांच टीमें होंगी और यह अगले साल अगस्त में खेला जायेगा।
टूर्नामेंट में पहली बार महिला और पुरूष पेशेवर क्रिकेटर टी20 प्रारूप में साथ में खेलेंगे।
जहीर ने एक विज्ञप्ति में कहा, ‘‘क्रिकेट में लोगों को साथ लाने की ताकत है और यूरोप में जिस तरह से इसके बाजार का विस्तार हो रहा है, यह इस पर निर्भर करेगा कि हम व्यापक दर्शकों तक खेल को कैसे पहुंचाते हैं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘इसके लिये इक्वल जैसी पहल महत्वपूर्ण है जिसमें महिला और पुरूष क्रिकेटर भागीदारी करके खेल के विकास का हिस्सा बनेंगे।’’
हर टीम में 18 खिलाड़ी होंगे और अंतिम एकादश में छह महिला और पांच पुरूष क्रिकेटर होंगे।
साभार: वेब वार्ता