चंडीगढ़ , 21 नवंबर 2026। असम की डिब्रूगढ़ जेल में बंद खडूर साहिब के सांसद अमृतपाल सिंह को अपनी दादी के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए सिर्फ तीन घंटे की कस्टडी पैरोल मिली। लेकिन इस छोटी सी अवधि के लिए उन्हें पंजाब लाने और वापस असम पहुंचाने की व्यवस्था पर परिवार को करीब 10 लाख रुपये खर्च करने पड़े। सवाल उठता है कि आखिर तीन घंटे की पैरोल के लिए इतनी बड़ी रकम क्यों मांगी गई? दरअसल, इस खर्च में हवाई यात्रा, पुलिसकर्मियों के ठहरने, वाहनों और सुरक्षा व्यवस्था का खर्च शामिल है।
अमृतपाल सिंह के वकील ने क्या बताया
अमृतपाल सिंह के वकील हरजोत सिंह मान ने बताया कि 17 नवंबर को अदालत की ओर से दिए गए आदेश के अनुसार परिवार कस्टडी पैरोल की व्यवस्था पर आने वाला अनुमानित खर्च जमा करेगा। अमृतसर के एसएसपी (ग्रामीण) कार्यालय की ओर से तैयार खर्च के ब्योरे में हवाई यात्रा और पुलिस सुरक्षा पर सबसे अधिक रकम निर्धारित की गई है। पुलिस के अनुमान के मुताबिक, अमृतपाल सिंह और उनके साथ जाने वाली पुलिस टीम की अमृतसर-दिल्ली-डिब्रूगढ़ रूट पर हवाई यात्रा के लिए 7,84,896 रुपये खर्च होंगे। इसके अलावा 19 और 20 नवंबर को डिब्रूगढ़ में पांच पुलिसकर्मियों के ठहरने के लिए 25 हजार रुपये निर्धारित किए गए हैं।
17 नवंबर को अदालत ने दी थी कस्टडी पैरोल
अमृतपाल सिंह असम की डिब्रूगढ़ सेंट्रल जेल में बंद हैं। उनकी दादी चरण कौर का 8 नवंबर 2026 को निधन हो गया था। इसके बाद परिवार ने उन्हें अंतिम संस्कार में शामिल होने की अनुमति देने के लिए अदालत का दरवाजा खटखटाया।
अमृतसर की अतिरिक्त सत्र अदालत ने 17 नवंबर को मानवीय आधार पर उन्हें 21 नवंबर को तीन घंटे की कस्टडी पैरोल देने का आदेश दिया। इसके तहत अमृतपाल को दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक अपने पैतृक गांव जल्लूपुर खेड़ा में रहने की अनुमति मिली। अदालत ने यात्रा और सुरक्षा से जुड़े उचित खर्च का भुगतान अमृतपाल की ओर से करने का निर्देश भी दिया
अमृतपाल सिंह को डिब्रूगढ़ से पंजाब लाने और फिर वापस जेल पहुंचाने के लिए पुलिस एस्कॉर्ट के साथ हवाई यात्रा की व्यवस्था की गई। अमृतसर के एसएसपी ग्रामीण कार्यालय की ओर से तैयार अनुमान के मुताबिक, अमृतसर-दिल्ली-डिब्रूगढ़ रूट पर आने-जाने की हवाई यात्रा का खर्च 7,84,896 रुपये रखा गया।
यही पूरी व्यवस्था का सबसे बड़ा खर्च है। इतनी लंबी दूरी और पुलिस टीम के साथ यात्रा कराने के कारण कुल रकम काफी बढ़ गई।
कहां-कहां खर्च होंगे 10,04,896 रुपये?
कस्टडी पैरोल के लिए तैयार खर्च का पूरा ब्योरा इस प्रकार है:
- हवाई यात्रा: अमृतसर-दिल्ली-डिब्रूगढ़ रूट पर आने-जाने के लिए 7,84,896 रुपये।
- डिब्रूगढ़ में ठहरना: 19 और 20 नवंबर को पांच पुलिसकर्मियों के रहने के लिए 25,000 रुपये।
- दिल्ली में होटल: अमृतपाल सिंह और पांच पुलिसकर्मियों के दो दिन के ठहरने के लिए 80,000 रुपये।
- निजी वाहन: डिब्रूगढ़ और दिल्ली में वाहनों की व्यवस्था के लिए 15,000 रुपये।
- सुरक्षा और समन्वय: दिल्ली में 20 पुलिसकर्मियों और एक राजपत्रित अधिकारी की तैनाती के लिए 1 लाख रुपये।
इन सभी मदों को मिलाकर कुल अनुमानित खर्च 10,04,896 रुपये बैठता है। अमृतपाल के वकील हरजोत सिंह मान ने खर्च के इस ब्योरे की जानकारी दी थी।
रिश्तेदारों और परिचितों से जुटाई गई रकम
अमृतपाल सिंह के परिवार के लिए इतनी बड़ी रकम का इंतजाम करना आसान नहीं था। ‘वारिस पंजाब दे’ के मुख्य प्रवक्ता शमशेर सिंह पधारी के मुताबिक, परिवार ने रिश्तेदारों और परिचितों की मदद से पैसे जुटाए। रिपोर्टों के अनुसार, परिवार ने यह रकम पुलिस प्रशासन के पास जमा कराई, जिसके बाद उन्हें पंजाब लाने की व्यवस्था आगे बढ़ी।
700 से ज्यादा पुलिसकर्मियों की तैनाती, गांव में कड़ी सुरक्षा
अमृतपाल सिंह की तीन घंटे की मौजूदगी के दौरान जल्लूपुर खेड़ा गांव में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए। उनकी यात्रा और अंतिम संस्कार में शामिल होने के दौरान बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया। टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, गांव में करीब 700 से 800 पुलिसकर्मी सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन के लिए लगाए गए थे।
पार्टी को अंतिम संस्कार में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की उम्मीद थी। इसलिए यातायात, पार्किंग और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए भी विशेष इंतजाम किए गए।
क्या है कस्टडी पैरोल?
कस्टडी पैरोल ऐसी अनुमति होती है, जिसमें जेल में बंद व्यक्ति को किसी विशेष कारण से सीमित समय के लिए पुलिस हिरासत और निगरानी में बाहर ले जाया जाता है। इस दौरान व्यक्ति को स्वतंत्र रूप से घूमने या अपनी मर्जी से कहीं जाने की छूट नहीं होती।
अमृतपाल सिंह के मामले में भी अदालत ने उन्हें केवल दादी के अंतिम संस्कार में शामिल होने की अनुमति दी थी। यह सामान्य जमानत नहीं थी। उन्हें निर्धारित समय और स्थान तक ही सीमित रहना था तथा सुरक्षा व्यवस्था पुलिस के नियंत्रण में थी।
तीन घंटे की अनुमति, लेकिन खर्च करीब 10 लाख
अमृतपाल सिंह की कस्टडी पैरोल का मामला इसलिए चर्चा में है, क्योंकि सिर्फ तीन घंटे के लिए पंजाब आने-जाने की व्यवस्था पर करीब 10.05 लाख रुपये खर्च हुए। इस रकम में मुख्य हिस्सा हवाई यात्रा और पुलिस सुरक्षा से जुड़ी व्यवस्थाओं का है। अदालत ने मानवीय आधार पर अंतिम संस्कार में शामिल होने की अनुमति दी, लेकिन यात्रा और सुरक्षा का उचित खर्च परिवार को उठाना पड़ा।